Pappu Yadav Press Conference Shoe Attack: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविवार को हंगामा हो गया. दरअसल, पप्पू यादन ने हाल ही में संसद भवन परिसर में प्रदर्शन और अपने ऊपर लग रहे आरोपों पर सफाई देने ने लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था. इस दौरान सांसद के समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई और एक युवक ने सांसद पर जूता फेंक दिया. सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हरकत में आकर सांसद को सुरक्षित घेरे में ले लिया. वहीं पुलिस ने आरोपी के पकड़ लिया है और अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
पत्रकारों के सवालों के बीच शुरू हुई बहस, हाथापाई में बदला विवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पप्पू यादव पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन पर सवाल दागने शुरू कर दिए. शुरुआत में यह महज एक सामान्य नोकझोंक थी, लेकिन जल्द ही विरोधियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. नारेबाजी से भड़के सांसद के समर्थक भी सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी. पप्पू यादव ने खुद लोगों को शांत करने की काफी कोशिश की, लेकिन भीड़ पूरी तरह बेकाबू हो गई और वहां हाथापाई शुरू हो गई.
कौन है जूता फेंकने वाला शख्स?
सूत्रों के अनुसार पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा करने और जूता फेंकने वाले आरोपी शख्स का नाम सुमित है. मिली जानकारी के अनुसार सुमित उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है. सुमित ने सांसद पप्पू यादव पर कथित तौर पर जूता फेंका था. घटना के तुरंत बाद ही वहां मौजूद लोगों और समर्थकों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि संतों को लेकर सांसद के बयानों और प्रदर्शन से सुमित के मन में काफी नाराजगी थी, जिसके चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया.
पुलिस को सौंपा गया चाकू, जांच में जुटी टीम
हंगामे के बाद जब पप्पू यादव के समर्थकों ने आरोपी सुमित को पुलिस के हवाले किया तो उन्होंने पुलिस को एक चाकू भी सौंपा. समर्थकों का दावा है कि आरोपी अपने साथ धारदार चाकू लेकर आया था. हालांकि, पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि क्या सुमित सच में अपने साथ चाकू लेकर आया था या मामला कुछ और है. फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर उससे लगातार पूछताछ कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच जारी
घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति पर काबू पाया. पुलिस अधिकारी अब प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल के तमाम वीडियो फुटेज और मोबाइल रिकॉर्डिंग की जांच कर रहे हैं ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.
कैसे शुरू हुआ था पूरा विवाद?
दरअसल, शुक्रवार को पप्पू यादव गेरुआ वस्त्र पहनकर साधु के रूप में संसद पहुंचे थे. उन्होंने संसद के मुख्य द्वार पर अयोध्या चंदा चोरी के मुद्दे पर एक सांकेतिक प्रदर्शन किया था, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए थे. इस प्रदर्शन का वीडियो सामने आने के बाद वाराणसी में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में दोनों नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इसी मामले पर अपनी सफाई देने के लिए सांसद ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी.
इनपुट: अरविंद ओझा
ADVERTISEMENT


