Delhi CBD Ground: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए डी-नोटिफाई करने के बाद पुलिस द्वारा तय किए गए नए वैकल्पिक स्थलों को लेकर विरोध और चर्चाएं शुरू हो गई हैं. दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली स्थित कड़कड़डूमा के सीबीडी (CBD) ग्राउंड को भी नया प्रोटेस्ट साइट घोषित किया है, लेकिन इस फैसले के सामने आते ही स्थानीय स्तर पर इसका विरोध देखने को मिलने लगा है. विशेषकर इन दिनों चल रहे पावन त्योहारों और रामलीला मंचन के आयोजकों ने इस स्थान पर धरने-प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने पर गंभीर चिंता जताई है.
ADVERTISEMENT
रामलीला मंचन और मेलों पर पड़ सकता है असर
कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड में इस समय बड़े पैमाने पर रामलीला का मंचन और मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु और राम भक्त हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं. श्री बालाजी रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों और अन्य आयोजकों का कहना है कि अगर इस दौरान सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए खोल दिया जाता है, तो इससे न केवल धार्मिक आयोजन बाधित होंगे बल्कि भारी अव्यवस्था भी फैल जाएगी. आयोजकों का तर्क है कि फेस्टिव सीजन के दौरान यहां महिलाओं, बच्चों और परिवारों का आना-जाना लगा रहता है, ऐसे में प्रदर्शन और राजनीतिक गतिविधियों से सुरक्षा और यातायात की बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है.
कमेटियों की मांग- दशहरे के बाद दी जाए अनुमति
स्थानीय रामलीला कमेटियों के प्रधानों का साफ तौर पर कहना है कि वे प्रशासन के नियमों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए यदि सीबीडी ग्राउंड में प्रदर्शन की अनुमति देनी ही है, तो कम से कम दशहरे का पावन त्योहार और रामलीला का मंचन पूरा होने के बाद ही इसकी शुरुआत की जानी चाहिए. उनका मानना है कि अचानक इस तरह के फैसले से धार्मिक आस्थाओं और आयोजनों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा. बहरहाल, दिल्ली पुलिस के नए प्रोटेस्ट साइट के फैसले के बाद अब स्थानीय लोगों और कमेटियों की आपत्तियों ने प्रशासन के सामने एक नया पेंच फंसा दिया है, जिस पर आगे प्रशासनिक रुख देखना दिलचस्प होगा.
यह भी पढ़ें: Delhi Ramleela Maidan: कैसा है दिल्ली का रामलीला मैदान, जहां अब होगा धरना-प्रदर्शन? देखें VIDEO
ADVERTISEMENT

