Rahul Gandhi India Alliance march: दिल्ली में इंडिया गठबंधन के विरोध मार्च के दौरान जबरदस्त बवाल देखने को मिला. विपक्षी दलों के सांसद संसद भवन से इलेक्शन कमीशन कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे थे, लेकिन आकाशवाणी भवन के पास दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. इसके बाद मौके पर भारी हंगामा और धक्कामुक्की शुरू हो गई.
ADVERTISEMENT
सड़क पर बैठे राहुल गांधी, पुलिस ने बलपूर्वक हटाया
मार्च रोके जाने से नाराज कांग्रेस नेता राहुल गांधी सड़क पर ही बैठ गए. दिल्ली पुलिस ने उन्हें उठाने और हिरासत में लेने की कोशिश की तो स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मियों और राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई. राहुल गांधी को डिटेन करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
केसी वेणुगोपाल बस के गेट पर डटे, कार्यकर्ताओं का जोरदार हंगामा
राहुल गांधी को हिरासत में लेकर बस में बैठाने के दौरान कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल बस के दरवाजे पर डट गए. इस दौरान विपक्षी कार्यकर्ता और सांसद बस के आगे खड़े हो गए ताकि पुलिस गाड़ियो को आगे न ले जा सके. पुलिस ने ह्यूमन चैन बनाकर बस का रास्ता साफ कराया और प्रदर्शनकारियों को वहां से दूर हटाया.
भीषण गर्मी में बस में भरे गए सांसद, दूर-दराज थाने ले गई पुलिस
भीषण गर्मी और उमस के बीच पूरी बस सांसदों और नेताओं से खचाखच भर गई. धक्कामुक्की और विरोध के बीच पुलिस आखिरकार राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और समाजवादी पार्टी के नेताओं समेत अन्य बड़े नेताओं वाली बस को लेकर रवाना हो गई. हिरासत में लिए गए तमाम नेताओं को दिल्ली के दूर-दराज थानों में ले जाया गया है, जहां से उन्हें देर शाम तक छोड़े जाने की संभावना है.
ADVERTISEMENT

