तमिलनाडु में विजय की शपथ पर ग्रहण, VCK ने मांगी 'डिप्टी सीएम' की कुर्सी, IUML ने दिखाया ठेंगा

तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय की सरकार बनने पर सस्पेंस गहरा गया है. बहुमत के लिए जरूरी 118 के मुकाबले विजय के पास 116 विधायकों का समर्थन है. IUML ने समर्थन से इनकार कर दिया है, जबकि VCK ने 'उप-मुख्यमंत्री' पद की शर्त रखी है.

NewsTak

न्यूज तक डेस्क

follow google news

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस लगातार गहराता जा रहा है. TVK प्रमुख थलपति विजय की मुख्यमंत्री पद की शपथ पर फिलहाल ग्रहण लग गया है. पहले चर्चा थी कि विजय शनिवार सुबह 11 बजे तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे, लेकिन अब समर्थन पत्रों की कमी ने पूरा समीकरण बदल दिया है.

Read more!

विजय को अभी तक राज्यपाल को 116 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा गया है. इसमें TVK के 107 विधायक, कांग्रेस के 5 विधायक और CPI-CPM के 4 विधायक शामिल हैं. हालांकि सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है. यानी विजय अभी भी बहुमत के आंकड़े से 2 विधायक दूर हैं.

सरकार गठन की इस दौड़ में अब सबकी नजर दो अहम पार्टियों VCK और IUML पर टिकी हुई है. VCK यानी विदुतालाई चिरुताइगल कट्टी के पास 2 विधायक हैं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के पास भी 2 विधायक हैं. अगर दोनों दल समर्थन दे दें तो विजय आसानी से 120 विधायकों के साथ सरकार बना सकते हैं.

VCK आज सुनाएगी फैसला

VCK ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि पार्टी की उच्च स्तरीय समिति की ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें पूरे तमिलनाडु से सदस्य शामिल हुए. बैठक में सभी नेताओं ने अपनी राय रखी और कई प्रस्ताव पारित किए गए.

पार्टी ने कहा कि उनके नेता 'इज़ुच्छि तामिझार' शनिवार को आधिकारिक तौर पर अंतिम फैसला घोषित करेंगे. VCK ने यह भी कहा कि मीडिया में अलग-अलग और विरोधाभासी खबरें चल रही हैं, जिससे जनता में भ्रम पैदा हो रहा है और पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है. इसलिए पार्टी खुद स्पष्ट रुख सामने रखेगी.

सूत्रों के मुताबिक VCK ने विजय को समर्थन देने के लिए उप मुख्यमंत्री पद की मांग रखी है. बताया जा रहा है कि पार्टी चाहती है कि समर्थन के बदले उसे डिप्टी CM का पद दिया जाए.

IUML ने साफ किया रुख

वहीं IUML ने साफ कर दिया है कि वह विजय का समर्थन नहीं कर रही है. पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके TVK को समर्थन देने की खबरें गलत हैं.

IUML ने कहा कि विजय की पार्टी के कई नेता उनसे मिले जरूर, लेकिन उनका रुख बिल्कुल स्पष्ट है. पार्टी पहले भी DMK के साथ थी, आज भी DMK के साथ है और आगे भी DMK के साथ ही रहेगी. यानी IUML ने साफ संकेत दे दिया है कि वह स्टालिन के नेतृत्व वाले गठबंधन से अलग नहीं होगी.

AMMK ने पलानीस्वामी के समर्थन में दिया पत्र

इधर AMMK के महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने राज्यपाल आरलेकर को पत्र सौंपकर AIADMK महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के समर्थन का ऐलान किया है. दिनाकरन ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी AIADMK के साथ खड़ी है और सरकार गठन में उसका समर्थन करेगी.

कांग्रेस विधायक पहुंचे बेंगलुरु

इन सबके बीच प्रदेश कांग्रेस के विधायक देर रात बेंगलुरु पहुंच गए हैं. इससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है. माना जा रहा है कि कांग्रेस भी अपनी रणनीति को लेकर सतर्क है.

TVK विधायक का बड़ा दावा

चेन्नई में TVK विधायक मैरी विल्सन ने दावा किया कि विजय सिर्फ 5 साल के लिए नहीं बल्कि लंबे समय तक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहेंगे. उन्होंने सहयोगी दलों का धन्यवाद करते हुए कहा कि समर्थन पहले मिल जाना चाहिए था, लेकिन अब जो साथ मिला है, उसके लिए पार्टी आभारी है.

तमिलनाडु: थाने पहुंची सत्ता की लड़ाई, आधी रात को राज्यपाल से मिले दिनाकरन, बोले- विजय की पार्टी ने की है जालसाजी

    follow google news