बंगाल चुनाव: पहले चरण की बंपर वोटिंग से बढ़ी बेचैनी, क्या 2021 की गणित पलटने वाली है, विजय विद्रोही ने बता दी असल बात

विजय विद्रोही

24 Apr 2026 (अपडेटेड: Apr 24 2026 1:42 PM)

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के पहले फेज पर 152 सीटों पर रिकॉर्डतोड़ मतदान ने सबकी धड़कनें बढ़ा दी हैं. सबकी जुबान पर एक ही सवाल है...क्या सत्ता परिवर्तन के संकेत हैं या कोई फैक्टर है? क्या बीजेपी की सीटें बढ़ रही हैं या TMC का चमत्कार दिखेगा? जानें वरिष्ठ पत्रकार विजय विद्रोही के विश्लेषण में.

NewsTak
पश्चिम बंगाल में पहले फेज के इलेक्शन के बाद अब क्या होगा?
Google CTA

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुई भारी वोटिंग के बाद अब राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म है. वरिष्ठ पत्रकार विजय विद्रोही ने अपने विशेष कार्यक्रम 'विजय फैक्टर' में इस वोटिंग पैटर्न का बारीकी से विश्लेषण किया है. उनका मानना है कि इस बंपर वोटिंग ने टीएमसी (TMC) और बीजेपी (BJP) दोनों खेमों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. 

Read more!

क्या बढ़ा हुआ मतदान बदलाव का संकेत है?

विजय विद्रोही के अनुसार, वोटिंग परसेंटेज बढ़ने के पीछे कई तकनीकी और राजनीतिक कारण हो सकते हैं जैसे-  

SIR (एसआईआर) फैक्टर

वोटर लिस्ट में नामों की काट-छांट के कारण बेस वोटर कम हुए, जिससे प्रतिशत बढ़ा हुआ दिख रहा है. वहीं, जिन परिवारों के नाम कटे, उनमें बीजेपी के प्रति नाराजगी या बदला लेने की भावना भी देखी गई. 

प्रवासी मजदूरों की वापसी

खाड़ी युद्ध और अन्य राज्यों में संकट के कारण बंगाल के मजदूर बड़ी संख्या में वापस लौटे हैं, जिन्होंने इस बार बढ़-चढ़कर मतदान किया. 

खुलकर निकले बीजेपी वोटर

अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती के कारण ग्रामीण इलाकों में वह वोटर भी बाहर निकले जो पहले टीएमसी के डर से मतदान करने से बचते थे. 

बीजेपी की बढ़त और टीएमसी की चुनौती 

पिछले चुनाव (2021) में पहले चरण की 152 सीटों पर 82.3 फीसदी मतदान हुआ था.  तब टीएमसी के पास 92+ और बीजेपी के पास 59 सीटें थीं. विजय विद्रोही का विश्लेषण कहता है कि इस बार करीब 80 सीटों पर बेहद कड़ा मुकाबला है. निष्पक्ष पत्रकारों के फीडबैक के आधार पर ये कहा जा सकता है कि बीजेपी को इस चरण में 10 से 15 सीटों का फायदा हो सकता है. वहीं टीएमसी को इतनी ही सीटों का नुकसान उठाना पड़ सकता है. 

क्या सत्ता परिवर्तन होगा? 

विजय विद्रोही स्पष्ट करते हैं कि बीजेपी की सीटें बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि वह सीधे सत्ता पर काबिज हो रही है, और न ही टीएमसी के कुछ नुकसान का मतलब सत्ता से बेदखली है. असली खेल दूसरे चरण (Second Phase) में तय होगा. अगर बीजेपी दूसरे चरण में भी अप्रत्याशित प्रदर्शन करती है, तब वह 120-125 के आंकड़े तक पहुंच सकती है. फिलहाल, पहले चरण में मुकाबला बेहद रोचक और कड़ा बना हुआ है. 

राहुल गांधी की कोलकाता रैली को क्यों नहीं मिली अनुमति? कांग्रेस ने ममता सरकार पर किया हमला तो TMC ने दी ये सफाई