पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए भारी मतदान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है. 93.19% की रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग को लेकर अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि यह 'बंपर मतदान' आखिर किसके पक्ष में जाएगा. क्या यह सत्ता विरोधी लहर का संकेत है या ममता बनर्जी की कल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर? न्यूज़ तक के खास कार्यक्रम में जाने-माने चुनाव विश्लेषक और सेफोलॉजिस्ट संजय कुमार ने इन आंकड़ों और जमीनी हकीकत का गहरा विश्लेषण किया है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
बंपर वोटिंग के मायने: क्या बदलेगी सत्ता?
आमतौर पर एक पारंपरिक धारणा रही है कि भारी मतदान का मतलब मौजूदा सरकार के खिलाफ गुस्सा होता है, लेकिन संजय कुमार का मानना है कि अब इस सोच को बदलने की जरूरत है. आंकड़ों के नजरिए से देखें तो बंगाल में टर्नआउट हमेशा से काफी अधिक रहा है. पिछले करीब 400 विधानसभा चुनावों के विश्लेषण के आधार पर उन्होंने बताया कि जब भी वोटिंग प्रतिशत बढ़ता है, तो 52% मामलों में सत्ताधारी सरकार ही दोबारा चुनकर आती है, जबकि 48% मामलों में सरकार बदल जाती है. इसलिए, महज 93% वोटिंग को ममता सरकार की विदाई का संकेत मानना जल्दबाजी होगी.
क्षेत्रीय समीकरण: बीजेपी का 'मजबूत' और 'कमजोर' जोन
चुनाव के भौगोलिक वितरण पर चर्चा करते हुए संजय कुमार ने बताया कि पहले चरण की 152 सीटों पर बीजेपी तुलनात्मक रूप से अधिक मजबूत स्थिति में थी. पिछले चुनाव में बीजेपी को इन इलाकों में करीब 39.5% वोट मिले थे और उनकी 77 में से 59 सीटें इन्हीं क्षेत्रों से आई थीं. हालांकि, अब सबकी नजरें अगले चरण की 142 सीटों पर हैं, जिन्हें तृणमूल कांग्रेस (TMC) का गढ़ माना जाता है. बीजेपी के लिए चुनौती यह है कि अगर उसे सरकार बनानी है, तो पहले चरण के अपने मजबूत क्षेत्रों में उसे असाधारण प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि अगले चरण का इलाका ममता बनर्जी के लिए अधिक अनुकूल है.
महिला वोटर्स: 'डिलीवरी' बनाम 'प्रॉमिस' का खेल
पश्चिम बंगाल में महिला मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं. संजय कुमार के अनुसार, सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जेब में पहुंचना (डिलीवरी) और विपक्षी दलों के वादे (प्रॉमिस) के बीच बड़ा अंतर होता है. ममता बनर्जी की 'लक्ष्मी भंडार' जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं के खातों में जो पैसे पहुंचे हैं, वह एक ठोस 'डिलीवरी' है. भले ही बीजेपी ज्यादा आर्थिक मदद का वादा करें, लेकिन महिलाओं का भरोसा अक्सर उसी पर होता है जो वर्तमान में लाभ दे रहा है. चुनावी इतिहास गवाह है कि बंगाल में महिला वोटर्स का झुकाव टीएमसी की ओर अधिक रहा है, जो ममता बनर्जी के लिए बड़ी राहत की बात हो सकती है.
सुरक्षा बनाम आरक्षण: बीजेपी की नई रणनीति
बीजेपी ने शुरू में महिला आरक्षण बिल को मुद्दा बनाने की कोशिश की थी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के बीच इसका बहुत अधिक प्रभाव नहीं दिखा. अब बीजेपी ने अपनी रणनीति बदलते हुए 'महिला सुरक्षा' और 'कानून व्यवस्था' को मुख्य मुद्दा बनाया है. आरजी कर मेडिकल कॉलेज जैसी घटनाओं का जिक्र कर बीजेपी यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि ममता सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. संजय कुमार का विश्लेषण है कि सुरक्षा एक ऐसा मुद्दा है जो शहर से लेकर गांव तक हर वर्ग की महिला को प्रभावित करता है. यदि बीजेपी महिलाओं के मन में असुरक्षा का भाव जगाने और खुद को रक्षक के तौर पर पेश करने में सफल रही, तो ममता बनर्जी की राह मुश्किल हो सकती है.
मुस्लिम मतदाताओं का रुख: क्या होगा मतों का बिखराव?
मुस्लिम वोट बैंक को लेकर संजय कुमार का कहना है कि बंगाल में मुस्लिम मतदाता मुख्य रूप से टीएमसी के साथ ही खड़े नजर आ रहे हैं. हालांकि मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे इलाकों में कांग्रेस थोड़ी टक्कर दे सकती है, लेकिन बड़े पैमाने पर वोटों का बिखराव होने की संभावना कम है। मुस्लिम समुदाय के लिए यह चुनाव एक तरह से 'सर्वाइवल' की लड़ाई जैसा है, इसलिए उन्हें लगता है कि अगर उनका वोट बंटा तो बीजेपी को फायदा होगा. पिछले चुनावों में टीएमसी को करीब 75-80% मुस्लिम वोट मिले थे, और इस बार भी यह रुझान बरकरार रहने की उम्मीद है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


