तीन देशों के पासपोर्ट और करोड़ों की प्रॉपर्टी का दावा…कौन हैं असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुयान सरमा?

Riniki Bhuyan Sharma controversy: असम में चुनावी माहौल के बीच सियासत अब निजी हमलों तक पहुंच गई है। पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिंकी भुयान सरमा पर बड़े आरोप लगाए हैं. इससे अब रिंकी भुयान सरमा सियासी विवाद के केंद्र में आ गईं हैं। उनपर पासपोर्ट और संपत्ति को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं? ऐसे में जानिए कौन हैं रिंकी भुयान सरमा ?

Himanta Biswa Sharma wife passport controversy
Himanta Biswa Sharma wife passport controversy

निधि तनेजा

follow google news

Himanta Biswa Sharma wife passport controversy: असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य की राजनीति में व्यक्तिगत आरोपों का दौर शुरू हो गया है. लंबे समय से बीजेपी और कांग्रेस के बीच चल रही जुबानी जंग अब परिवारों तक जा पहुंची है. जहां पहले बीजेपी सांसद गौरव गोगोई की पत्नी को लेकर हमलावर थी, वहीं अब कांग्रेस ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुयान सरमा को निशाने पर लिया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के हालिया दावों ने असम से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा दिया है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री परिवार पर फर्जीवाड़े और संपत्ति छिपाने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

Read more!

सबसे पहले जानिए कौन हैं रिंकी भुयान सरमा ?

रिंकी भुयान सरमा उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में एक जानी-मानी शख्सियत हैं. वह केवल मुख्यमंत्री की पत्नी ही नहीं, बल्कि असम की एक बड़ी मीडिया टायकून भी हैं. रिंकी एक प्रतिष्ठित औद्योगिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनके पिता जाधव चंद्र भुयान एक प्रसिद्ध उद्योगपति थे. वह 'प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट' मीडिया हाउस की संस्थापक और प्रबंध निदेशक हैं. शिक्षा की बात करें तो रिंकी के पास एलएलबी की डिग्री है और वह बार काउंसिल ऑफ इंडिया में एक वकील के तौर पर एनरोल्ड हैं. व्यावसायिक और सामाजिक हलकों में उनकी अपनी एक अलग और मजबूत पहचान है.

तीन देशों के पासपोर्ट और दोहरी नागरिकता का विवाद

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि रिंकी भुयान सरमा के पास एक नहीं बल्कि तीन देशों के सक्रिय पासपोर्ट हैं. खेड़ा के मुताबिक उनके पास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), एंटीगुआ और बारबुडा, तथा मिस्र के पासपोर्ट हैं. पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि भारत का कानून दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं देता, तो ऐसे में मुख्यमंत्री की पत्नी के पास विदेशी पासपोर्ट कैसे हैं? उन्होंने यह भी तंज कसा कि जो मुख्यमंत्री मुसलमानों के खिलाफ राजनीति करते हैं, उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट होना हैरान करने वाला है.

दुबई की प्रॉपर्टी और 52 हजार करोड़ का दावा

पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री पर अपनी पत्नी की संपत्तियों को चुनावी हलफनामे में छिपाने का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि दुबई में रिंकी सरमा की दो संपत्तियां हैं जिनका जिक्र हिमंता के एफिडेविट में नहीं है. इसके अलावा खेड़ा ने अमेरिका के व्योमिंग में एक कंपनी का जिक्र करते हुए कहा कि वहां लगभग 52,000 करोड़ रुपये का निवेश है, जिसमें परिवार के सदस्यों के नाम शामिल हैं. कांग्रेस नेता ने आशंका जताई कि यह सब चुनाव हारने के बाद देश से बाहर भागने की तैयारी का हिस्सा हो सकता है.

हिमंता बिस्वा सरमा का पलटवार और चेतावनी

इन आरोपों पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार देख घबरा गई है और हताशा में निराधार हमले कर रही है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि वह और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और नागरिक मानहानि का केस दर्ज करेंगे. उन्होंने कहा कि यह असम की जनता को गुमराह करने की साजिश है और इसका जवाब अदालत में दिया जाएगा.

पुराने विवादों का फिर से हुआ जिक्र

यह पहली बार नहीं है जब रिंकी भुयान सरमा विवादों में रही हैं. इससे पहले 2023 में उन पर पीएम किसान संपदा योजना के तहत सब्सिडी लेने के आरोप लगे थे, जिस पर उन्होंने 10 करोड़ का मानहानि केस किया था. वहीं 2022 में कोविड के दौरान पीपीई किट की सप्लाई में अनियमितता के आरोप भी उन पर लगाए गए थे, जिन्हें उन्होंने पूरी तरह गलत बताया था. मुख्यमंत्री और उनके परिवार का कहना है कि वे हर जांच के लिए तैयार हैं और विपक्ष के पास उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी और पवन खेड़ा के आरोपों पर भड़के असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा, दोनों के दे ये बड़ा कदम उठाने की चेतावनी

    follow google news