Charchit Chehra: एक वक्त था जब जयपुर के महलों में हुई उनकी शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर छाई हुई थीं. पेरिस के एफिल टावर के नीचे फिल्मी अंदाज में किया गया वो प्रपोजल किसी सपने जैसा लग रहा था. लेकिन हकीकत की दुनिया में यह 'फेरी टेल' लंबे समय तक टिक नहीं पाई. साउथ और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री हंसिका मोटवानी और उनके पति सोहेल कथूरिया ने अब आधिकारिक तौर पर अपनी राहें जुदा कर ली हैं.
ADVERTISEMENT
आपसी सहमति से खत्म किया रिश्ता
हंसिका और सोहेल ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया है. जानकारी के मुताबिक, दोनों जुलाई 2024 से ही एक-दूसरे से अलग रह रहे थे. उनके वकील अदनान शेख ने बताया कि परिवार और दोस्तों ने इस रिश्ते को बचाने की हर मुमकिन कोशिश की लेकिन बात नहीं बन सकी. खास बात ये है कि हंसिका ने तलाक के बदले किसी भी तरह के गुजारे भत्ते या मेंटेनेंस की मांग नहीं की है. उनका मकसद सिर्फ इस रिश्ते को सम्मान के साथ खत्म करना था.
विवादों से भरा रहा शादी का सफर
दिसंबर 2022 में हुई यह शादी शुरुआत से ही विवादों और चर्चाओं में रही थी. इसकी बड़ी वजह सोहेल की पहली शादी थी. दरअसल, सोहेल की पहली पत्नी रिंकी बजाज, हंसिका की काफी अच्छी दोस्त मानी जाती थीं. जब हंसिका और सोहेल की सगाई की तस्वीरें आईं तो सोशल मीडिया पर पुरानी शादी के वीडियो वायरल होने लगे, जिसमें हंसिका भी झूमती नजर आ रही थीं.
इसी वजह से उन्हें बेस्ट फ्रेंड का घर तोड़ने जैसे आरोपों के साथ काफी ट्रोल भी किया गया. हालांकि, इन दावों पर हंसिका ने कभी खुलकर कुछ नहीं कहा. उनकी शादी पर आधारित एक वेब सीरीज हंसिका लव शादी ड्रामा भी हॉटस्टार पर मौजूद है.
चाइल्ड आर्टिस्ट से सुपरस्टार तक का सफर
9 अगस्त 1991 को जन्मी हंसिका को आज भी कई लोग शाकालाका बूम बूम और देश में निकला होगा चांद की उस छोटी सी बच्ची के रूप में याद करते हैं. ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'कोई मिल गया' में उनकी मासूमियत ने सबका दिल जीता था. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में बतौर लीड एक्ट्रेस कदम रखा और 'देश मुदुरू' के लिए बेस्ट डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता. आज वह तमिल, तेलुगु और हिंदी समेत कई भाषाओं की एक सफल अभिनेत्री हैं.
अब आगे क्या?
हंसिका अपनी निजी जिंदगी में आए इस बड़े तूफान के बावजूद टूटी नहीं हैं. 2016 में एक पुराने रिश्ते के खत्म होने के बाद उन्होंने खुद को संभालने में 7-8 साल लिए थे, लेकिन इस बार वह अपने करियर और सोशल वर्क पर पूरी तरह केंद्रित हैं. वह कैंसर जागरूकता और बच्चों की शिक्षा जैसे नेक कामों से जुड़ी हुई हैं. भले ही उनकी शादी का यह अध्याय खत्म हो गया हो, लेकिन सिनेमा के पर्दे पर उनका जादू अब भी जारी है.
ये भी पढ़ें: कौन है वो 'मिस्ट्री गर्ल' जिसने टीम इंडिया की जीत के बाद मैदान पर ईशान को लगा लिया गले?
ADVERTISEMENT


