बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज और कड़े तेवरों के चलते सुर्खियों में हैं. अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग तक स्वरा कभी भी अपनी बात खुलकर रखने से पीछे नहीं हटतीं. इस बार उन्होंने बॉडी शेम करने वालों और ट्रोल्स को ऐसा करारा जवाब दिया है, जिसकी चर्चा चारों तरफ हो रही है.
ADVERTISEMENT
अमेजन प्राइम वीडियो के पॉपुलर रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीजन में नजर आ रहीं स्वरा भास्कर ने शो के प्रीमियर पर ही पूरी महफिल लूट ली.
ट्रोल्स के शब्दों को ही बना लिया अपना
शो के पहले एपिसोड में स्वरा पर्पल कलर की खूबसूरत साड़ी पहनकर पहुंचीं, लेकिन हर किसी की नजर उनके ब्लाउज पर जाकर टिक गई. दरअसल, स्वरा के ब्लाउज पर साफ-साफ शब्दों में 'मोटी' लिखा हुआ था.
शो के होस्ट और पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग से बातचीत के दौरान स्वरा ने इस अनोखे लुक के पीछे की वजह का खुलासा किया. स्वरा ने बताया कि सितंबर 2023 में बेटी राबिया के जन्म के बाद से ही सोशल मीडिया पर लोग उनके बढ़े हुए वजन को लेकर लगातार कमेंट्स कर रहे हैं.
स्वरा ने कहा, "मेरी बेटी अब तीन साल की होने वाली है और पिछले तीन सालों से अनजान लोग मुझे सोशल मीडिया पर कभी 'मोटी', कभी 'गाय', 'भैंस', तो कभी 'हिप्पो' और 'हाथी' कहकर बुला रहे हैं. मैंने सोच लिया है कि मैं यह सब बन चुकी हूं. अब मैं इन सभी तानों और शब्दों को शर्माने के बजाय खुद अपना रही हूं."
स्वरा का साफ कहना है कि अब वह लोगों के तानों से तंग आकर वजन घटाने की होड़ में नहीं भागेंगी, बल्कि अपने इस रूप को गर्व से स्वीकार करेंगी.
फहद अहमद से शादी और पर्सनल लाइफ
स्वरा भास्कर की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने 16 फरवरी 2023 को राजनीतिक कार्यकर्ता फहद अहमद के साथ शादी रचाई थी. दोनों की पहली मुलाकात जनवरी 2020 में सीएए (CAA) आंदोलन के दौरान हुई थी. पहले कोर्ट मैरिज और फिर मार्च 2023 में पारंपरिक रीति-रिवाजों से जश्न मनाने के बाद, 23 सितंबर 2023 को कपल के घर नन्हीं परी 'राबिया' का जन्म हुआ था.
'राइज एंड फॉल 2' में मचेगा धमाल
इस बार 'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीजन में 15 नामी हस्तियां सत्ता की जंग यानी 'रूलर्स' और 'वर्कर्स' के रूप में एक-दूसरे को टक्कर देती नजर आएंगी.
स्वरा भास्कर के अलावा शो में करण पटेल, तेज प्रताप यादव, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, शहजाद पूनावाला, सिवेट तोमर, कायरा अनु, मनीष कश्यप, काजल राघवानी, निहारिका तिवारी, सारा गुरपाल, राज ग्रोवर, इरिना रूड़ाकोवा और अनीश भगत जैसे कई मशहूर चेहरे शामिल हैं. इस शो को अमेजन प्राइम वीडियो पर हर रोज दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: इस शख्स से शादी करना चाहती हैं Bigg Boss 20 में आई अरिशफा खान, काजी तौकीर ने भेज दिया रिश्ता!
ADVERTISEMENT


