हरियाणा के अंबाला जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. नग्गल पुलिस थाने के SHO (थाना प्रभारी) सब इंस्पेक्टर करमवीर सिंह की थाने परिसर के अंदर अपने कमरे में गोली लगने से मौत हो गई. घटना के समय वह अपने कमरे में अकेले मौजूद थे. अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अंबाला सिटी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है.
ADVERTISEMENT
सीने को चीरती हुई आर-पार निकल गई गोली
अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत SHO करमवीर सिंह की जांच की और छाती का एक्स-रे किया. जांच में पाया गया कि गोली शरीर के अंदर नहीं थी. डॉक्टरों के अनुसार, गोली बेहद करीब से चलाई गई या चली थी, जो सीने को चीरते हुए शरीर से आर-पार निकल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की 'सीन ऑफ क्राइम' टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और जरूरी सैंपल जुटाए. हालांकि, घटना स्थल से कोई संदिग्ध सामान या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
हादसा या कुछ और? SP अंबाला ने बताई पूरी बात
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी (SP) अंबाला खुद नग्गल थाने पहुंचे और जायजा लिया. सोशल मीडिया पर चल रही सुसाइड की अटकलों के बीच एसपी ने स्पष्ट किया कि अभी किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने बताया कि करमवीर सिंह ने सुबह ही मुंशी से हथियार (सर्विस वेपन) की सफाई के बारे में बात की थी. उनके पास उनकी सर्विस रिवाल्वर पड़ी मिली है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह हादसा पिस्टल की सफाई के दौरान ट्रिगर दबने से हुआ हो सकता है. एसपी ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और फॉरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सटीक वजह सामने आ पाएगी.
28 साल का बेदाग करियर और 26 जनवरी को मिला सम्मान
सब इंस्पेक्टर करमवीर सिंह 25 नवंबर 1998 को बतौर सिपाही हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे. अपने 28 साल के लंबे करियर में उन्होंने ईमानदारी और निष्ठा से अपनी सेवाएं दीं. वह पिछले लगभग 2 साल से नग्गल थाने के SHO के रूप में तैनात थे. उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए इसी साल 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के अवसर पर उन्हें सम्मानित भी किया गया था. वह मूल रूप से कुरुक्षेत्र के रामगढ़ रोड गांव के रहने वाले थे और काफी लंबे समय से अंबाला जिले में ही कार्यरत थे.
परिवार में पसरा मातम
SHO करमवीर सिंह के परिवार में उनका एक बेटा और एक बेटी हैं. उनके बेटे सागर की अभी शादी नहीं हुई है और वह भारत में ही रहता है, जबकि बेटी रवीना की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और वह अपने परिवार के साथ कनाडा में रहती है. घटना के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित कर दिया है. परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


