Haryana News: हरियाणा के अंबाला जिले के बिचपड़ी गांव से एक ऐसा खौफनाक ट्रिपल हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है. महज 22 साल के एक कॉलेज छात्र ने गुस्से और लालच में आकर अपने ही हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया. आरोपी ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग करते हुए अपने सगे बड़े भाई, 95 साल की बुजुर्ग दादी और सगे चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी. इस खूनी खेल में आरोपी की चाची भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनके गले में गोली फंसी है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं.
ADVERTISEMENT
CCTV में कैद हुआ मौत का लाइव तांडव
इस पूरी वारदात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो के मुताबिक, आरोपी अभिषेक ने सबसे पहले अपने घर के अंदर सगे बड़े भाई संदीप पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायर किए. इसके बाद वह हाथ में हथियार लहराते हुए गली में निकला और सीधे अपने चाचा महेंद्र पाल (50 वर्ष) के घर में घुस गया. वहां उसने सबसे पहले 95 वर्षीय बुजुर्ग दादी इसरो देवी को गोली मारी. जान बचाकर भाग रहे चाचा महेंद्र को भी उसने गोलियों से भून दिया. इसके बाद जब चाची सुनीता देवी बीच-बचाव करने आईं, तो सनकी युवक ने उनके सीने और गले में भी गोली ठोक दी.
क्या थी इस खौफनाक कत्लेआम की वजह?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस भयंकर हत्याकांड के पीछे जमीन का विवाद और रिटायरमेंट के पैसों का लालच था. आरोपी अभिषेक के पिता सतवीर सिंह स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे. रिटायरमेंट के बाद उन्हें करीब 16 लाख रुपए मिले थे, जिसे लेकर दोनों भाइयों (अभिषेक और संदीप) के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इसके अलावा जमीन से मिट्टी उठाने के ठेके के पैसों को लेकर भी दोनों में भारी रंजिश थी. अभिषेक बेहद गुस्सैल स्वभाव का था, इसलिए घरवाले उसे पढ़ाई के बहाने विदेश (आईलेट्स कराकर) भेजना चाहते थे, लेकिन हाल ही में उसका वीजा रिजेक्ट हो गया था. वह फिलहाल पंचकूला के एक कॉलेज से बैचलर ऑफ फार्मेसी यानी B.Pharma सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था.
एक साथ जलीं परिवार की 3 चिताएं
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे बिचपड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद जब शव गांव पहुंचे, तो मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. रविवार को एक ही श्मशान घाट में परिवार के तीनों सदस्यों (संदीप, दादी इसरो देवी और चाचा महेंद्र) का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया और गांव में तीन चिताएं एक साथ जलीं. वहीं, घायल चाची सुनीता देवी का चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
कहां से आया अवैध हथियार? पुलिस की 4 टीमें कर रही हैं तलाश
मृतक संदीप की पत्नी नेहा की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. अंबाला पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए सीआईए-1, सीआईए-2, सीआईए नारायणगढ़ समेत पुलिस की 4 विशेष टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल अभी भी यही बना हुआ है कि महज 22 साल के एक फार्मेसी छात्र के पास सरेआम कत्लेआम मचाने के लिए यह घातक हथियार आखिर कहां से आया?
इनपुट: कृष्णा बाली
ADVERTISEMENT


