Haryanvi Singer Ankit Baliyan Murder Case: यूपी के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की निर्मम हत्या के मामले में अब दो नए और बेहद खौफनाक CCTV फुटेज सामने आए हैं. इन फुटेज में वारदात का पूरा घटनाक्रम और हमलावरों का बेखौफ अंदाज साफ नजर आ रहा है. दूसरी तरफ, अंकित के पिता और रिटायर्ड फौजी सतवीर सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर है. उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस को साफ शब्दों में 4 दिन का अल्टीमेटम देते हुए बड़ी चेतावनी दे डाली है.
ADVERTISEMENT
खौफनाक फुटेज: कार का दरवाजा खोलते ही दागीं गोलियां
सामने आए पहले सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि शाम को अंकित बालियान ब्लैक टी-शर्ट और लोअर पहने हाथ में बैग लिए जिम से बाहर आते हैं.
- जिम से महज 10-15 मीटर दूर खड़ी अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो कार का पिछला दरवाजा खोलकर वह बैग अंदर रखते हैं.
- जैसे ही वह कार के पीछे से घूमकर ड्राइविंग सीट पर बैठने लगते हैं, घात लगाकर बैठे चारों शूटर उन पर टूट पड़ते हैं.
- एक बदमाश बिल्कुल करीब आकर गोलियां चलाता है, जबकि बाकी तीन शूटर कार को चारों तरफ से घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हैं.
- गोलियां लगते ही अंकित वहीं नाली और कार के बीच गिर पड़ते हैं, जिसके बाद बदमाशों ने नीचे गिरे-गिरे भी उन पर कई गोलियां दागीं.
दूसरे फुटेज में वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर हवा में तमंचा लहराते और चीखते-चिल्लाते हुए पैदल भागते नजर आ रहे हैं. इसके बाद वे बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए.
2 घंटे पहले से कर रहे थे रेकी: गमछा और हेलमेट छोड़कर भागे
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, चारों शूटर वारदात से करीब 2 घंटे पहले से ही इलाके में घूम रहे थे. जिम के पास स्थित 'श्री बालाजी कन्फेक्शनरी' की सीढ़ियों पर बदमाशों ने अपने हेलमेट और गमछे रखे हुए थे.
कन्फेक्शनरी चलाने वाले चश्मदीद अक्षय गर्ग के अनुसार, बदमाशों ने उनकी दुकान से सिगरेट भी खरीदी थी. गोलीबारी की दहशत इतनी थी कि पास से गुजर रही महिलाएं भागने लगीं और दुकानदारों ने डर के मारे अपने शटर गिरा लिए. वारदात के बाद आरोपी वहीं सीढ़ियों पर अपना गमछा और हेलमेट छोड़कर तमंचे लहराते हुए फरार हो गए.
"4 दिन में एनकाउंटर करो वरना गदर काट देंगे" पिता का अल्टीमेटम
अंकित के पिता रिटायर्ड फौजी सतवीर सिंह ने शासन और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. सतवीर सिंह ने कहा: "योगी जी कहते हैं कि एक चौराहे पर अपराध करेंगे तो दूसरे चौराहे पर एनकाउंटर होगा. ये बदमाश 26 चौराहे कैसे पार कर गए? मैं फौजी आदमी हूं, 4000 लोग लाकर खड़े कर दूंगा. हम हटकर नहीं जाएंगे, मरकर जाएंगे. पुलिस को 4 दिन का अल्टीमेटम दे रखा है, अगर 4 दिन में हत्यारे नहीं पकड़े गए तो हम गदर काट देंगे."
सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग दावों से उलझी पुलिस
अंकित बालियान मुजफ्फरनगर के शामली स्थित बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले थे. 6 साल पहले उनकी शादी सीमा से हुई थी, जो दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हैं. अंकित का कोई बच्चा नहीं था और उनके बड़े भाई एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं. फिलहाल इस मर्डर मिस्ट्री में सबसे बड़ा पेंच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर फंस गया है:
- सबसे पहले सोनीपत के रहने वाले भोलू शाहपुरिया नामक व्यक्ति ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया.
- इसके बाद गुरुग्राम के एक अन्य व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर इस कत्ल की जिम्मेदारी ली.
दो अलग-अलग दावों के बाद पुलिस की जांच उलझ गई है. यूपी पुलिस की कई टीमें हरियाणा, सोनीपत, दिल्ली और राजस्थान में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का मानना है कि शूटर हरियाणा के हो सकते हैं और उनकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली मास्टरमाइंड और वजह का खुलासा हो सकेगा.
ADVERTISEMENT


