Ankit Baliyan Murder Case: Ankit Baliyan Case: शामली महापंचायत में 36 खापों का हुंकार, नरेश टिकैत ने पुलिस प्रशासन को दिया अल्टीमेटम,पिता ने भी किया बड़ा ऐलान

शरद मलिक

13 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 13 2026 6:55 PM)

Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में शामली में सर्व खाप की बड़ी महापंचायत आयोजित की गई. किसान नेता नरेश टिकैत और खाप चौधरीज ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया. अंकित के पिता सतबीर फौजी ने चेतावनी दी कि अगर पूरा न्याय नहीं मिला तो वे अपने फौजी साथियों के साथ खुद फैसला करेंगे.

Ankit Baliyan Murder Case: अंकित के पिता ने पुलिस को दी चेतावनी
Ankit Baliyan Murder Case: अंकित के पिता ने पुलिस को दी चेतावनी
Google CTA

Ankit Baliyan Murder Shamli Mahapanchayat News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हुई हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में अब 36 खापों का गुस्सा फूट पड़ा है. पुलिस द्वारा दो शूटरों (मोहित और सुमित) का एनकाउंटर किए जाने के बावजूद पीड़ित परिवार और खाप नेताओं का कहना है कि उन्हें अभी तक केवल आधा न्याय मिला है. मुख्य साजिशकर्ताओं और फरार एक-एक लाख रुपये के इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंकित बालियान के पैतृक आवास पर सर्व खाप की बड़ी महापंचायत आयोजित की गई.

Read more!

खाप नेताओं की आर-पार की चेतावनी

महापंचायत में बालियान खाप के प्रमुख और भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तमाम खापों के चौधरी शामिल हुए. खाप नेताओं ने एक सुर में पुलिस और सरकार को चेतावनी दी कि जब तक इस हत्याकांड की पूरी साजिश रचने वाले सलाखों के पीछे नहीं जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी.

नरेश टिकैत ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल

महापंचायत के दौरान नरेश टिकैत ने मीडिया से बातचीत में पुलिस की अब तक की जांच प्रक्रिया में ढीलेपन का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 15 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पकड़ से बाहर हैं. टिकैत ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की. उन्होंने कहा कि डीएम और एसपी से वार्ता के बाद आगे की कड़ी रणनीति तैयार की जाएगी.

यह पढ़ें: Ankit Baliyan Murder Case: 3 महीने पहले तक शरीफ था बेटा, फिर कैसे क्राइम की दुनिया में फंसा सुमित? पिता ने बताई खौफनाक कहानी

अंकित बालियान के पिता की चेतावनी

अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी ने पुलिस प्रशासन की ढीली कार्रवाई पर गहरा रोष जताया. उन्होंने कहा कि अगर सरकार और पुलिस अंकित को पूरा न्याय दिलाने में नाकाम रहती है, तो वे अपनी एफआईआर वापस ले लेंगे. सतबीर फौजी ने चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने साथी पूर्व सैनिकों और सेवारत फौजियों का आह्वान करेंगे और खुद ही हत्यारों को सबक सिखाएंगे. इसके अलावा उन्होंने विदेश (कनाडा) में बैठे मुख्य साजिशकर्ताओं को भारत लाने और आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी रखी.

26 अगस्त को हुई थी अंकित बालियान की हत्या

बता दें कि 26 अगस्त की शाम शामली में जिम से बाहर निकलते ही अंकित बालियान की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी. इसमें चार शूटरों के नाम सामने आए थे. इनमें से पुलिस ने दो शूटरों सुमित और मोहित को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था, लेकिन दो अब भी फरार चल रहे हैं. इस बीच अब खाप पंचायत और परिवार का कहना है कि जब तक पूरे नेटवर्क का खात्मा नहीं होता तब तक न्याय अधूरा है.

यह भी पढ़ें: अंकित बालियान हत्याकांड: वारदात से 2 घंटे पहले की CCTV फुटेज आई सामने, जानिए कैसे पुलिस को छका रहे शूटर आर्यन और सत्यम