Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी मॉडल और गायक अंकित बाल्यान की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के मामले में एक बेहद सनसनीखेज मोड़ सामने आया है. शामली पुलिस द्वारा एनकाउंटर में मार गिराए गए दो मुख्य शूटरों सुमित और मोहित की मौत को लेकर गोगी गैंग की तरफ से एक खौफनाक दावा किया गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर भोलू शाहपुरिया के नाम से बनी आईडी से एक लंबा-चौड़ा पोस्ट सामने आया है, जिसने पुलिस की पूरी थ्योरी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT
अमृतसर के होटल से उठाकर शामली में मर्डर करने का दावा
वायरल हो रही इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा गया है कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सुमित और मोहित का एनकाउंटर नहीं किया गया है, बल्कि उनकी सोची-समझी हत्या की गई है. पोस्ट में दावा किया गया है कि 30 अगस्त की रात पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास स्थित एक होटल से पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया था और फिर यूपी के शामली लाकर उनकी हत्या कर दी गई. इस पोस्ट में अंकित बाल्यान को निर्दोष बताने वालों पर भी सवाल उठाए गए हैं और दावा किया गया है कि अंकित निर्दोष नहीं था. पोस्ट के अंत में 'गोगी भाई' लिखा गया है और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया गया है.
कनाडा और अमेरिका से जुड़ी तार, साइबर जांच में जुटी पुलिस
सोशल मीडिया पर आई इस नई पोस्ट के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है और साइबर सेल इस आईडी की सत्यता जांचने में जुट गया है. पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह अकाउंट वास्तव में भोलू शाहपुरिया का है या किसी अन्य शख्स ने उसके नाम से फेक आईडी बनाई है. इससे पहले भी 27 अगस्त को अंकित बाल्यान मर्डर की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आई थी, जिसकी तकनीकी जांच में खुलासा हुआ था कि वह पोस्ट कनाडा में बैठे चिराग और अमेरिका में बैठे मोंटी ने भोलू शाहपुरिया के नाम का इस्तेमाल करके डाली थी. अब इस नई पोस्ट के ओरिजिनल आईपी एड्रेस और सोर्स को ट्रेस किया जा रहा है.
यह पढ़ें: मजदूरी करने वाले सुमित के एनकाउंटर होने के बाद पिता ने बताई पूरी कहानी
सत्यम काद्यान और आर्यन सिंधु पर 1-1 लाख का इनाम घोषित
अंकित बाल्यान हत्याकांड के दो अन्य मुख्य शूटर सत्यम काद्यान और आर्यन सिंधु अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिन पर पुलिस प्रशासन ने 1-1 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित कर दिया है. जांच में सामने आया है कि एनकाउंटर में मारे गए सुमित और मोहित को अंकित की हत्या की सुपारी दी गई थी, जबकि सत्यम काद्यान (गोगी गैंग) और आर्यन सिंधु (पंपू गैंग) उनके साथ बैकअप के तौर पर मौजूद थे. वारदात को अंजाम देने के बाद इन सभी की तस्वीरें सीसीटीवी में भी कैद हुई थीं, जिसके बाद से सत्यम और आर्यन अपने पूरे परिवार के साथ अपने घरों पर ताले लगाकर फरार हो चुके हैं.
यह पढ़ें: अंकित बालियान केस में फरार आर्यन संधू, सत्यम काद्यान की CCTV से नया खुलासा, पुलिस के फूले हांथ-पैर!
प्रोक्सी आईपी के जरिए पुलिस को छका रहे इनामी शूटर
फरार शूटर सत्यम और आर्यन पुलिस के साथ माइंड गेम खेल रहे हैं और तकनीकी जांच को भटकाने के लिए प्रोक्सी आईपी (Proxy IP) का इस्तेमाल कर रहे हैं. दोनों कई दिनों तक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर एक्टिव रहे और पुलिस की टीमों को कभी हिमाचल, कभी गुजरात तो कभी बिहार की लोकेशंस दिखाकर चकमा देते रहे. जैसे ही पुलिस को उनके मुख्य इंस्टाग्राम हैंडल्स की जानकारी मिली, दोनों ने अपने अकाउंट्स डीएक्टिवेट कर दिए. पुलिस को अंदेशा है कि दोनों फर्जी पासपोर्ट या गैर-कानूनी रास्तों से विदेश भागने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि जांच में यह भी सामने आया है कि आर्यन सिंधु का पासपोर्ट पहले ही एक्सपायर हो चुका था और वह इसे रिन्यू कराने की कोशिश में लगा हुआ था.
पुलिस को मिले 20 से ज्यादा फर्जी अकाउंट्स एक्टिव
अंकित बाल्यान हत्याकांड की जांच का दायरा अब सोशल मीडिया से लेकर जेलों तक फैल गया है. पुलिस को इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर सत्यम, आर्यन और गोगी गैंग के नाम से बने 20 से भी ज्यादा फर्जी अकाउंट्स मिले हैं, जिनसे लगातार वीडियो और पोस्ट अपलोड किए जा रहे हैं. वहीं, साजिश की मुख्य कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर रोहित को रिमांड पर लेने जा रही है, जिसके लिए 7 सितंबर को कोर्ट में अर्जी दी जाएगी. इस बीच किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए अंकित बाल्यान के परिवार की सुरक्षा में 4 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है.
ADVERTISEMENT


