मशहूर बॉलीवुड रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. उनके हालिया हरियाणवी लोक गीत 'टटीरी' (Tateeree) को लेकर हरियाणा में तीखा विरोध शुरू हो गया है. गाने के बोल और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए हरियाणा महिला आयोग और राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक शिकायतें पहुंच चुकी हैं.
ADVERTISEMENT
क्या है आपत्तिजनक?
विवाद की मुख्य वजह गाने के रैप भाग में इस्तेमाल की गई भाषा और वीडियो का फिल्मांकन है. वीडियो में नाबालिग लड़कियों को हरियाणा के सरकारी स्कूल की नीली वर्दी में दिखाया गया है. वे अपनी किताबें फेंकते हुए और हरियाणा रोडवेज की बस पर डांस करते हुए नजर आ रही हैं. आलोचकों का कहना है कि सरकारी स्कूल की छात्राओं और रोडवेज बस जैसे राज्य के प्रतीकों को इस तरह पेश करना बेटियों की गरिमा के खिलाफ है.
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
पत्रकार नरेंद्र सहारन और हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन (HESLA) ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर गाने पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की है. पत्र में कहा गया है कि अश्लील शब्दों के साथ स्कूली छात्राओं का चित्रण समाज में गलत संदेश देता है.
सोशल मीडिया पर फूट पड़ा गुस्सा
1 मार्च को रिलीज हुए इस गाने को अब तक YouTube पर 2 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. जहां एक तरफ गाना वायरल हो रहा है, वहीं सोशल मीडिया यूजर्स इसे हरियाणवी संस्कृति का अपमान बता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "सरकारी बस और वर्दी का सरेआम दुरुपयोग हो रहा है, यह हमारे हरियाणा के लिए शर्म की बात है."
सिमरन जागलान की आवाज
आपको बता दें कि इस गाने में बादशाह के साथ कैथल की रहने वाली सिमरन जागलान ने अपनी आवाज दी है। सिमरन प्रसिद्ध हरियाणवी गायक करमवीर फौजी की बेटी हैं। फिलहाल, अब सबकी नजरें इस पर हैं कि सरकार और खुद बादशाह इस बढ़ते विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं.
ADVERTISEMENT

