Kaithal BJP Parshad: हरियाणा के कैथल जिले के पुंडरी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ आधी रात को भारतीय जनता पार्टी के मनोनीत पार्षद और पुलिस चौकी इंचार्ज के बीच सड़क पर ही तीखी बहस हो गई. सड़क पर शराब की बोतलें रखकर डीजे बजाने और हुड़दंग करने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद काफी बढ़ गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
सड़क पर शराब और डीजे बजाने पर भिड़े पुलिस और नेता
पूरा मामला पुंडरी की चीमा कॉलोनी का है. पुलिस के अनुसार, उन्हें रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सड़क पर दो गाड़ियों पर वूफर और शराब की बोतलें रखकर कुछ युवक हंगामा कर रहे हैं. जब पुंडरी चौकी इंचार्ज एएसआई (ASI) ऋषि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां बीजेपी के मनोनीत पार्षद अमित सैनी अपने दो साथियों के साथ मौजूद थे. आरोप है कि जब पुलिस ने उन्हें मना किया, तो युवक हाथापाई पर उतर आए और बहस करने लगे.
'एसपी को बुला ले, यह घर है हमारा'
घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें एएसआई ऋषि और पार्षद अमित सैनी के बीच तीखी नोकझोंक होती दिख रही है. वीडियो में पुलिसकर्मी पूछता नजर आ रहा है कि क्या शराब पीकर सड़क पर डीजे बजाओगे, जिस पर पार्षद जवाब देते हैं कि 'हाँ बजाऊंगा'. बहस के दौरान पार्षद के साथियों ने पुलिस को धमकी देते हुए कहा कि 'तू बेशक एसपी को बुला ले, यह घर है हमारा'. इसके अलावा पुंडरी विधायक सतपाल जांबा को लेकर भी वीडियो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया.
पार्षद बोले- थाने में हुई मारपीट
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर पुलिस टीम के साथ अभद्रता और हाथापाई की गई, जिसके बाद पार्षद अमित सैनी और उनके दो साथियों को हिरासत में लेकर रातभर चौकी में रखा गया. दूसरी तरफ, बीजेपी पार्षद अमित सैनी ने पुलिस के तमाम आरोपों को खारिज किया है. पार्षद का दावा है कि उस रात उनकी बेटी का जन्मदिन था और वे शराब के नशे में नहीं थे. उन्होंने पुलिस पर 1 घंटे तक थाने में मारपीट करने और फर्जी वीडियो एडिट करने का गंभीर आरोप लगाया है.
सीएम नायब सैनी से शिकायत की तैयारी
पार्षद अमित सैनी का कहना है कि पुलिस ने उनका ब्लड सैंपल भी लिया था, जिसमें शराब की कोई पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने अपना मेडिकल कराया है और पूरे मामले की शिकायत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से करने की बात कही है. फिलहाल पुलिस ने चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया है, लेकिन सत्ताधारी दल के पार्षद और पुलिस अधिकारी के बीच हुए इस विवाद की चर्चा पूरे क्षेत्र में जोरों पर है.
ADVERTISEMENT


