गुरुग्राम में पानी के बीच नाव उतारने पर विवाद, 50 हजार के चालान का दावा निकला फर्जी; Cars24 ने मांगी माफी

नीरज वशिष्ठ

13 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 13 2026 3:04 PM)

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद Cars24 ने जलभराव वाली सड़क पर ब्रांडिंग वाली नाव उतारी थी. कंपनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में 50 हजार रुपये के चालान का दावा किया. गुरुग्राम प्रशासन के फैक्ट चेक में यह दावा फर्जी निकला. इसके बाद Cars24 ने पुलिस, प्रशासन और जनता से माफी मांगकर स्पष्टीकरण जारी किया.

gurugram
gurugram
Google CTA

गुरुग्राम में भारी बारिश और जलभराव के बीच यूज्ड कार कंपनी Cars24 की मार्केटिंग एक्टिविटी अब विवाद में आ गई है. कंपनी ने सड़क पर पानी भरने के बाद ब्रांडिंग वाली नाव उतारी थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने कंपनी पर 50 हजार रुपये का चालान किया है. यह दावा बाद में गलत निकला.

Read more!

गुरुग्राम जिला प्रशासन की ओर से किए गए फैक्ट चेक में साफ किया गया कि ट्रैफिक पुलिस ने नाव उतारने के लिए 50 हजार रुपये का कोई चालान नहीं किया था. प्रशासन ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया.

8 अगस्त की बारिश के बाद सड़क पर उतारी थी नाव

दरअसल, 8 अगस्त को गुरुग्राम में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया था. दिल्ली रोड से लेकर अग्रसेन चौक के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी.

इसी बीच Cars24 की मार्केटिंग टीम ने पानी से भरी सड़क पर कंपनी की ब्रांडिंग वाली नाव उतारी. कंपनी की यह एक्टिविटी गुरुग्राम के जलभराव को लेकर एक हल्के-फुल्के मार्केटिंग कैंपेन के तौर पर की गई थी.

इसके बाद सोशल मीडिया पर इस एक्टिविटी से जुड़ी पोस्ट सामने आई. इसमें कंपनी के कर्मचारी द्वारा 50 हजार रुपये के चालान की बात कही गई. पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने गुरुग्राम प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.

50 हजार का चालान नहीं हुआ था

विवाद बढ़ने के बाद गुरुग्राम जिला प्रशासन ने मामले का फैक्ट चेक किया. जांच में सामने आया कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से Cars24 का 50 हजार रुपये का कोई चालान नहीं काटा गया था.

जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया और समाचारों में चल रहे इस दावे को फर्जी और भ्रामक बताया. प्रशासन के मुताबिक, संबंधित खबर में बताए गए तथ्य वास्तविकता से मेल नहीं खाते हैं.

Cars24 ने जारी किया स्पष्टीकरण

मामला बढ़ने के बाद Cars24 ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्पष्टीकरण जारी किया. कंपनी ने साफ किया कि 50 हजार रुपये की रकम किसी ट्रैफिक चालान की राशि नहीं थी.

कंपनी के मुताबिक, यह रकम मार्केटिंग एक्टिविटी को करने में आया खर्च था. कंपनी ने कहा कि इस गतिविधि के संबंध में किसी भी पुलिस अथॉरिटी की ओर से कोई चालान जारी नहीं किया गया था.

कंपनी ने प्रशासन और पुलिस से मांगी माफी

Cars24 ने गुरुग्राम प्रशासन, गुरुग्राम पुलिस और संबंधित अधिकारियों से बिना शर्त माफी मांगी. कंपनी ने माना कि कैंपेन को जिस तरीके से पेश किया गया, उससे गलतफहमी पैदा हुई.

कंपनी ने यह भी कहा कि उसकी वजह से पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर गलत धारणा बनी. Cars24 ने इस गलती की पूरी जिम्मेदारी लेने की बात कही और अधिकारियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया.

कंपनी ने आम लोगों से भी माफी मांगी. उसने कहा कि उसका उद्देश्य बारिश और जलभराव जैसी मुश्किल स्थिति के बीच लोगों के लिए हास्य का एक पल पैदा करना था. पुलिस, सरकार या किसी सरकारी संस्था का अपमान करना उसका मकसद नहीं था.

सड़क पर नाव उतारने को लेकर भी सफाई

Cars24 ने यह भी माना कि सार्वजनिक सड़क पर पानी के बीच नाव उतारना सुरक्षित नहीं है. कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसकी एक्टिविटी का मकसद इस तरह के व्यवहार को बढ़ावा देना नहीं था.

कंपनी ने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए उसके आंतरिक अप्रूवल और बाहरी कम्युनिकेशन की रणनीति में बदलाव किया गया है. कंपनी ने यह भी कहा कि मामले में उचित आंतरिक कार्रवाई की जा चुकी है.

EVM हटाने की मांग और 'सीजन 2' का ऐलान, जंतर मंतर से आई बड़ी खबर, दिपके ने बता दिया पूरा प्लान