Charkhi Dadri Firing: कोर्ट से निकलते ही बदमाशों ने घेरी गाड़ी, पुलिस ने बताई पूरी कहानी

न्यूज तक डेस्क

• 04:04 PM • 07 Aug 2026

चरखी दादरी में बीते दिन थाने के पास हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने नया अपडेट दिया है. पुलिस के मुताबिक, यह हमला अमित फतेहगढ़िया और उसके साथियों पर उस वक्त हुआ, जब वे कोर्ट से किसी पुराने मामले की तारीख भुगतकर वापस लौट रहे थे.

Charkhi Dadri Firing
Charkhi Dadri Firing
Google CTA

हरियाणा के चरखी दादरी में थाने के पास हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले में पुलिस का बयान सामने आया है. पुलिस ने बताया कि अमित फतेहगढ़िया अपने साथियों के साथ कोर्ट में किसी पुराने केस की तारीख भुगतने आया था. पेशी के बाद जब वे स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस लौट रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे तीन पैदल बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया.

Read more!

थाने के पास ही घेरकर चलाईं 10 से 15 गोलियां

वारदात दादरी शहर थाने के बिल्कुल पास हुई. पीड़ितों की गाड़ी जैसे ही सड़क पर आगे बढ़ी, बदमाशों ने गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ 10 से 15 राउंड गोलियां चला दीं. अचानक हुए इस हमले से गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और अमित, कीर्तिमान, विजय, अंकित और सूरज समेत कुल 7 लोग गोली लगने से घायल हो गए.

2 घायलों को रोहतक रेफर किया गया

फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने दो युवकों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रोहतक पीजीआई भेज दिया है, जबकि अन्य का इलाज दादरी में ही चल रहा है.

हमलावरों को पकड़ने में जुटी पुलिस की कई टीमें

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है. हमलावरों को पकड़ने के लिए सीआईए (CIA) की दो टीमें, साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों का सुराग मिल सके.

पुरानी रंजिश या गैंगवार? जांच जारी

घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका पर पुलिस का कहना है कि अभी घायलों के बयान लिए जा रहे हैं. हमलावरों की पहचान होने और शुरुआती पूछताछ के बाद ही हमले की असली वजह साफ हो पाएगी.

यह भी पढ़ें: हरियाणा के चरखी दादरी में गैंगवार, सिटी थाने के पास ब्लैक स्कर्पियो पर बरसाई गोलियां, रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी