हरियाणा के दादरी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने महज चंद रुपयों और जायदाद के लालच में अपने ही सुहाग को मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली. आरोपी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न केवल पति का भारी-भरकम बीमा कराया, बल्कि उसकी हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए सुपारी किलर्स का भी सहारा लिया. पुलिस ने इस पूरे मामले का भंडाफोड़ करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
सड़क हादसे की आड़ में हत्या की साजिश
घटना की शुरुआत 18 अप्रैल को हुई, जब पुलिस को सूचना मिली कि दादरी के तिवाला गांव के पास एक स्कूटी को पीछे से एक तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी है. इस कथित हादसे में स्कूटी सवार प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया. शुरुआत में पुलिस ने इसे एक साधारण सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया था. हालांकि, जांच में मोड़ तब आया जब 24 अप्रैल को घायल प्रदीप की बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. बहन ने संदेह जताया कि जिस स्कूटी पर प्रदीप सवार था, उसे तो मामूली खरोंच आई है, लेकिन प्रदीप को इतनी गंभीर चोटें कैसे लग गईं?
बीमा राशि और पैतृक जमीन पर थी नजर
पुलिस की तफ्तीश में जो सच सामने आया वह चौंकाने वाला था. जांच में खुलासा हुआ कि प्रदीप की पत्नी अनू ने इसी साल अपने पति के नाम पर 60-60 लाख रुपये की दो जीवन बीमा पॉलिसियां करवाई थीं. पहली पॉलिसी फरवरी में और दूसरी अप्रैल में ली गई थी, जिनमें अनू खुद नॉमिनी बनी थी. बीमा के 1 करोड़ 20 लाख रुपये हड़पने के साथ-साथ अनू की नजर प्रदीप की पैतृक जमीन पर भी थी. इसी लालच में उसने अपने प्रेमी मुकेश के साथ मिलकर प्रदीप को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया.
20 लाख रुपये में तय हुई थी सुपारी
पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि अनू और उसके प्रेमी मुकेश ने प्रदीप की हत्या के लिए सुपारी किलर्स से करीब 20 लाख रुपये में डील फिक्स की थी. सौदे के तहत कुछ रकम वारदात से पहले दी गई थी और बाकी की राशि बीमा क्लेम का पैसा मिलने के बाद दी जानी थी. साजिश के तहत प्रदीप का एक्सीडेंट नहीं कराया गया था, बल्कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी. बीमा राशि हासिल करने के कानूनी दांव-पेच के चलते इसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी ताकि आसानी से क्लेम मिल सके.
डिजिटल सबूतों और कॉल डिटेल से खुला राज
पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझाने के लिए मोबाइल कॉल डिटेल, पैसों के लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों का सहारा लिया. जांच में यह भी पता चला कि आरोपी महिला ने अपने पति के पैसों से खरीदी गई बाइक भी अपने प्रेमी मुकेश को दे रखी थी. डीएसपी हेड क्वार्टर धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां, हमले में प्रयुक्त डंडे, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कर लिए हैं. पुलिस के पास पुख्ता तकनीकी साक्ष्य मौजूद हैं जो आरोपियों को सजा दिलाने में अहम साबित होंगे.
पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी अनू, उसके प्रेमी मुकेश, और साजिश में शामिल जसबीर उर्फ मोंटी, रवि सांगवान व अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है. जसबीर पर सुपारी किलर के रूप में काम करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, अनू को उसकी कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. घायल प्रदीप की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है और पुलिस अब इस मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


