हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हिसार में हुई हालिया घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. दुष्यंत ने सीआईए की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे 'नायब सैनी के पुलिसिया गुंडे' करार दिया. उन्होंने साफ किया कि यह लड़ाई व्यक्तिगत नहीं, बल्कि छात्रों के हितों और पुलिस की मनमानी के खिलाफ है. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
सीआईए (CIA) की कार्यप्रणाली पर बड़ा खुलासा
दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा पुलिस के नियमों का हवाला देते हुए एक बड़ा खुलासा किया. उन्होंने कहा कि 'हरियाणा यूनिफॉर्म कोड के अनुसार, सीआईए को सिविल वर्दी में रहने की अनुमति नहीं है.' उन्होंने डीजीपी से सवाल किया कि किस आधार पर सीआईए के कर्मचारी आधी रात को बिना वर्दी, बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों और काले शीशों के साथ छापेमारी कर रहे हैं. दुष्यंत ने जनता से अपील की कि जहां भी ऐसी गाड़ियां दिखें, उनकी फोटो खींचकर उन्हें भेजें.
'6 साथियों को किया प्रताड़ित, 7 साल के बच्चे पर तानी बंदूक'
दुष्यंत ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके 6 साथियों को बिना किसी ठोस आरोप के आधी रात को घरों से अगवा करने जैसा व्यवहार किया. उन्होंने बताया कि विजेंद्र धाणक के घर पर बिना महिला पुलिसकर्मी के छापेमारी की गई और उनकी माइनर बेटी के साथ दुर्व्यवहार हुआ. वहीं, गौरव सैनी के 7 साल के बच्चे के सामने पुलिस ने हथियार निकालकर उसे गिरफ्तार किया. दुष्यंत ने इसे पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही.
छात्र हितों की लड़ाई से ध्यान भटकाने की साजिश
दुष्यंत ने कहा कि यूनिवर्सिटीज में एक विशेष विचारधारा को थोपा जा रहा है और दूसरे छात्र संगठनों को कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी जा रही. उन्होंने आरोप लगाया कि 16 और 17 अप्रैल का पूरा घटनाक्रम छात्रों की इस मूल लड़ाई से ध्यान भटकाने के लिए रचा गया था. 'दो गमले टूटने पर 6 लोगों पर बंदूक तानकर अरेस्ट करना, यह इतिहास में पहली बार हुआ है,' दुष्यंत ने तंज कसते हुए कहा.
27 तारीख को 'क्रांतिमान पार्क' में महापंचायत
पूर्व डिप्टी सीएम ने ऐलान किया कि 27 तारीख को हिसार के क्रांतिमान पार्क में एक बड़ी पंचायत बुलाई गई है. इसमें पूरे हरियाणा के छात्र और सामाजिक लोग हिस्सा लेंगे. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपनी आवाज बुलंद करने के लिए सोमवार को बड़ी संख्या में पहुंचें. दुष्यंत ने साफ किया कि नायब सैनी सरकार इन दोषी पुलिसकर्मियों को बचाने का काम कर रही है, लेकिन वे इसे हाई कोर्ट तक लेकर जाएंगे.
इंस्पेक्टर पवन के ससुर को जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब इंस्पेक्टर पवन के ससुर द्वारा की गई टिप्पणियों का जिक्र आया, तो दुष्यंत ने कहा कि वह उनके आदरणीय हैं और चौधरी देवीलाल की विचारधारा से पुराने जुड़े हुए हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि शायद उनके रिश्तेदार (इंस्पेक्टर) से कोई गलती हुई है, जिसे लेकर उन्होंने पहले ही सूचित कर दिया था.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


