Faridabad Honey Trap Gang: फरीदाबाद में डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटने वाले मां-बेटी के एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. आरोप है कि दोनों महिलाएं टिंडर (Tinder) और दूसरे फ्रेंडशिप ऐप्स के जरिए अमीर और अधेड़ उम्र के लोगों को निशाना बनाती थीं. पहले उनसे दोस्ती करती थीं और फिर होटल में मिलने के बहाने बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करती थीं. इतना ही नहीं, अगर किसी व्यक्ति के पास ज्यादा कीमती सामान नहीं मिलता था, तो उसे दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूले जाते थे.
ADVERTISEMENT
ऐसे जाल में फंसाती थीं मां-बेटी
पुलिस के मुताबिक, मां-बेटी की जोड़ी सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर ऐसे लोगों की तलाश करती थी, जो अपनी अच्छी आर्थिक स्थिति का प्रदर्शन करते थे. महंगी गाड़ियों और सोने की मोटी चेन जैसी चीजों से अमीर दिखने वाले लोग इनके निशाने पर रहते थे. दोनों महिलाएं पहले ऐसे लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजती थीं. इसके बाद बातचीत के जरिए उनसे नजदीकियां बढ़ाती थीं और फिर होटल में मिलने का प्लान बनाती थीं. आरोप है कि होटल में मुलाकात के दौरान ये महिलाएं कोल्डड्रिंक या चाय में नशीला पदार्थ मिला देती थीं. व्यक्ति के बेहोश होने पर उसके पास मौजूद सोने की चेन, नकदी, मोबाइल और दूसरे कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थीं.
लूटने के बाद झूठे केस में फंसाने की देती थीं धमकी
इस गिरोह का तरीका सिर्फ लूटपाट तक सीमित नहीं था. पुलिस के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति के पास ज्यादा नकदी या कीमती सामान नहीं मिलता था, तो ये महिलाएं उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देती थीं. इसके बाद केस दर्ज कराने का डर दिखाकर सेटलमेंट के नाम पर मोटी रकम वसूलने का आरोप है.
अंडमान से दिल्ली-NCR तक फैला था नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि इस मां-बेटी की जोड़ी का नेटवर्क फरीदाबाद और हरियाणा के अलावा अंडमान, सूरत, गुजरात और दिल्ली-NCR तक फैला हुआ था. बड़खल क्राइम ब्रांच ने तकनीकी सर्विलांस और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने करीब 50 साल की मां को गुरुग्राम से और करीब 24 साल की बेटी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से पकड़ा है. फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और दूसरे राज्यों में दर्ज मामलों की जांच कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतें. बिना पूरी जानकारी के किसी अनजान व्यक्ति से मिलने जाने से बचें.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम: रात को फोन आने पर घर से निकला था हिस्ट्रीशीटर दीपक, सुबह हाईवे की सर्विस लेन पर मिला शव!
ADVERTISEMENT


