सुचित्रा का प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल पर बड़ा आरोप , बोलीं- 7 करोड़ दिए फिर भी नहीं मिला स्क्रिप्ट

हरियाणा की बावल सीट से टिकट की दावेदार रहीं पूर्व कांग्रेस नेता सुचित्रा और उनके पति ने प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल सहित शीर्ष नेतृत्व पर 7 करोड़ हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने दिल्ली पुलिस में सबूत सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन और आत्मदाह करेंगे.

सुचित्रा का प्रियंका गांधी पर आरोप
सुचित्रा का प्रियंका गांधी पर आरोप

पवन राठी

follow google news

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के बाद अब कांग्रेस के भीतर टिकट वितरण को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस की पूर्व नेता सुचित्रा और उनके पति गौरव ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि हरियाणा की बावल सीट से टिकट दिलाने के नाम पर उनसे करोड़ों रुपये लिए गए लेकिन अंत में उन्हें टिकट नहीं मिला. 

Read more!

7 करोड़ रुपये दिए, फिर भी मिला धोखा

सुचित्रा के पति गौरव ने वीडियो रिपोर्ट में खुलासा किया कि उन्होंने टिकट के लिए और अन्य कामों के नाम पर कांग्रेस के विभिन्न नेताओं को कुल 7 करोड़ रुपये दिए थे. इसमें से 4 करोड़ सीधे तौर पर बावल विधानसभा सीट की टिकट के लिए दिए गए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और आठ बार के सांसद कोडिगुन्निल सुरेश (K. Suresh) ने सीधे तौर पर पैसों की मांग की थी.

प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल का नाम आया सामने

रिपोर्ट में सुचित्रा और उनके पति ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल पर भी निशाना साधा है. गौरव का दावा है कि उन्होंने के.सी. वेणुगोपाल के घर (51 लोधी रोड) जाकर खुद पैसों से भरा बैग दिया था. यही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी के घर पर उनके पीए ने पैसे लिए और उन्हें पिछले दरवाजे से 10 जनपथ ले जाया गया था. उनका कहना है कि गांधी परिवार का स्टाफ और ड्राइवर इस पूरे लेनदेन से वाकिफ थे.

दिल्ली पुलिस में शिकायत और 'धमकी' के आरोप

पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस को दे दी है और पुलिस ने उनके व्हाट्सएप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और बैंक स्टेटमेंट जैसे सबूत जमा कर लिए हैं. गौरव ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद एक वरिष्ठ नेता ने मध्यस्थता की कोशिश की, लेकिन समाधान निकालने के बजाय उन्हें धमकी दी गई. उन्होंने कहा कि उन्हें डराया जा रहा है कि "सड़कों पर ट्रक बहुत चलते हैं, ध्यान से निकला करो". 

न्याय नहीं मिला तो करेंगे सुसाइड

गौरव ने भावुक होते हुए कहा कि अगर अगले दो-तीन दिनों में दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती या राहुल गांधी इस मामले में दखल नहीं देते, तो वे राहुल गांधी के घर के बाहर धरना देंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो उनके पास आत्महत्या करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा. उनका कहना है कि उन्होंने बाजार और दोस्तों से ब्याज पर पैसा लेकर पार्टी नेताओं को दिया था और अब वे कर्ज में डूबे हुए हैं.

क्या है बावल सीट का मामला?

सुचित्रा 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में बावल सीट से कांग्रेस की टिकट की दावेदार थीं. उनका आरोप है कि पार्टी ने युवाओं को मौका देने की बात कही थी, लेकिन उनकी जगह एक ऐसे उम्मीदवार (डॉ. एम.एल. रंगा) को टिकट दिया गया जो बार-बार पार्टियां बदलते रहते हैं.

ये भी पढ़ें: 'हाथ में जल लेकर खाई कसम, गद्दारों को जड़ से उखाड़ फेंके हाईकमान', राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर बरसे विधायक गोकुल सेतिया

    follow google news