Gangster Vinod Pannu Story: 31 मुकदमें, लाखों का इनाम, खुद का गैंग बनाया...आज हिसार में मारा गया !

राहुल यादव

• 12:00 PM • 21 Aug 2026

Gangster Vinod Pannu Story: हिसार कोर्ट परिसर की पार्किंग में पेशी पर आए 31 मुकदमों में नामजद कुख्यात गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ कान्हा की बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी. इस हमले में उसके दो साथी भी घायल हुए, वहीं पुलिस और साथियों ने कार्रवाई करते हुए एक शूटर को मौके से ही हथियार समेत दबोच लिया.

Gangster Vinod Pannu Stpry
Gangster Vinod Pannu
Google CTA

Gangster Vinod Pannu Story: हरियाणा के हिसार कोर्ट परिसर के पार्किंग एरिया में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े एक सनसनीखेज गैंगवार की वारदात सामने आई. 31 मुकदमों में नामजद और उम्रकैद की सजा काट रहे कुख्यात गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ कान्हा की बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी. इस हमले में विनोद पानू के दो साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के दौरान कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई. 

Read more!

पेशी पर आया था गैंगस्टर, पार्किंग में हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, हांसी के थुराना गांव का रहने वाला विनोद पानू दोपहर करीब 2 बजे Fortuner गाड़ी से अपने साथियों संग हिसार कोर्ट में पेशी/तारीख के सिलसिले में पहुंचा था. वह अपनी गाड़ी पार्किंग में खड़ी करके कोर्ट की ओर बढ़ ही रहा था कि पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.

मौके पर करीब 14 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें विनोद पानू को लगभग 10 गोलियां लगीं. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद भागने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद विनोद के साथियों और कोर्ट सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने एक शूटर को खदेड़कर दबोच लिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल विनोद पानू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

2014 के बिट्टू मर्डर केस में काट रहा था उम्रकैद

विनोद पानू एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती जैसे 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. 24 जनवरी 2014 को हिसार के पुष्पा कॉम्प्लेक्स में प्रॉपर्टी डीलर संजय उर्फ बिट्टू (विधायक सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा के भतीजे) की हत्या में विनोद पानू का नाम आया था. इसी केस में वह उम्रकैद की सजा काट रहा था. इससे पहले साल 2017 में झज्जर सीआईए ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित होने के दौरान उसे भारी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. 

सुरक्षा पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी

अदालत और थानों के पास लगातार हो रही गैंगवार की घटनाओं के बाद अब कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं. हिसार के एसपी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि मौके से एक आरोपी को हथियार समेत हिरासत में ले लिया गया है.  फॉरेंसिक और बैलिस्टिक टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा फरार हमलावर की तलाश के लिए 5 से 6 पुलिस टीमें बनाई गई हैं.

ये भी पढ़ें: ‘मैं मान जाऊंगा आप मंत्री हैं...’ राव इंद्रजीत को करणी सेना के सूरजपाल अम्मू ने दिया खुला चैलेंज