सोनीपत: गोहाना में बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो पर 9 राउंड फायरिंग, 2 आरोपी गिरफ्तार, जानें किस वजह से हुआ हमला?

Gohana Scorpio Firing News: सोनीपत के गोहाना में गवाही देकर लौट रहे युवकों की बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ 9 राउंड फायरिंग कर दी. बुलेटप्रूफ गाड़ी होने की वजह से गाड़ी में सवार चारों लोगों की जान बच गई. इस मामले में कार्रवाई करते हुए गोहाना पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

गोहाना फायरिंग केस: पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
गोहाना फायरिंग केस: पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Google CTA

Gohana Scorpio Firing News: सोनीपत जिले की गोहाना तहसील के तहत आने वाले गांव नगर के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कोर्ट में गवाही देकर लौट रहे युवकों की बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो गाड़ी पर बदमाशों ने अंधाधुंध दर्जनों राउंड गोलियां बरसा दीं. गनीमत यह रही कि गाड़ी बुलेटप्रूफ थी, जिसकी वजह से अंदर बैठे चारों लोग पूरी तरह सुरक्षित बच गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस की सीआईए टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपियों को धर दबोचा है.

Read more!

9 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां, दहल उठा इलाका

जानकारी के अनुसार, गांव बड़ौता का रहने वाला रविंद्र अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ गोहाना न्यायिक परिसर में जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में गवाही देने आया था. गवाही की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब रविंद्र और उसके साथी सफेद रंग की बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो में सवार होकर लौट रहे थे, तभी सोनीपत रोड पर बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया. थार, फॉर्च्यूनर और काली स्कॉर्पियो में आए 8 से 9 हमलावरों ने गाड़ी के आगे अपनी गाड़ियां अड़ा दीं और अचानक पिस्तौल, बंदूक व रिवॉल्वर से गोलियां चलानी शुरू कर दीं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 8 से 9 राउंड फायर किए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो बनी ढाल, बाल-बाल बची जान

अचानक हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. गाड़ी के शीशों और बॉडी पर गोलियों के निशान बन गए, लेकिन वाहन के बुलेटप्रूफ होने के कारण गोलियां अंदर तक नहीं पहुंच सकीं. स्कॉर्पियो में सवार रविंद्र और उसके परिवार के तीनों साथी बाल-बाल बच गए. यदि गाड़ी साधारण होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था.

जमीनी विवाद के कारण रची गई थी साजिश, 2 गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गोहाना सीआईए की कई टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहतक बाईपास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान खेड़ी दमकन निवासी विनोद और गांव रबड़ा निवासी प्रदीप के रूप में हुई है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब 12 एकड़ जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस फिलहाल आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि घटना में प्रयुक्त हथियार, गाड़ियां और अन्य फरार आरोपियों का सुराग लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें: कंबोडिया की प्रेमिका संग 7 फेरे लेगा उम्रकैद की सजा काट रहा गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला, 4 बच्चों की मां है दुल्हन, जानें पूरी कहानी