Gurugram Biker Case: क्लब से निकला, बाइकर का पीछा किया और फिर मारी टक्कर... SIT जांच में चौंकाने वाली बातें

अंशुल सिंह

• 12:11 PM • 17 Sep 2026

गुरुग्राम में बाइकर शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने के मामले में SIT जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं. जांच के मुताबिक आरोपी ने करीब 2 किलोमीटर तक बाइक का पीछा किया. पुलिस ने ब्लड-यूरिन सैंपल जांच के लिए भेजे हैं. CCTV, वीडियो और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच जारी है.

Gurugram biker case
Gurugram biker case
Google CTA

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने के मामले में SIT की जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं. जांच के मुताबिक, घटना के वक्त आरोपी कल्याण बैंसला खुद कार चला रहा था. पुलिस को शक है कि वह शराब के नशे में था. उसके ब्लड और यूरिन सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.

Read more!

SIT सूत्रों के अनुसार, बैंसला रातभर एक क्लब में पार्टी करने के बाद कार लेकर निकला था. उसके साथ कार में तीन अन्य लोग भी मौजूद थे. इनमें उसका चचेरा भाई लवनीश भी शामिल था. बताया जा रहा है कि लवनीश ने ही बैंसला को बाइक सवारों का पीछा करने के लिए उकसाया था.

पहले हुई कहासुनी, फिर शुरू हुआ पीछा

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है. सुबह करीब 6 बजे से 8 बजे तक की फुटेज में घटना से पहले बाइकर्स के ग्रुप और आरोपी के बीच बहस होने की बात सामने आई है.

जांच के मुताबिक, पहली कहासुनी सेक्टर 53 मेट्रो स्टेशन के पास हुई थी. इसके बाद स्थिति बिगड़ गई. आरोप है कि बैंसला ने अपनी तेज रफ्तार कार से बाइक का पीछा शुरू कर दिया.

करीब 2 किलोमीटर तक बाइक का पीछा

SIT की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिला बाइकर का करीब 2 किलोमीटर तक पीछा किया. इसके बाद कार से बाइक को टक्कर मारी गई. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि टक्कर जानबूझकर मारी गई थी या नहीं. SIT ने CCTV फुटेज समेत दूसरे डिजिटल सबूतों को जांच का हिस्सा बनाया है.

ब्लड और यूरिन सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार

गुरुग्राम पुलिस ने कल्याण बैंसला के ब्लड और यूरिन सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं. इन रिपोर्ट्स से घटना के समय उसके नशे में होने की स्थिति को लेकर अहम जानकारी मिल सकती है. पुलिस अब रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

कार में मौजूद दो लोगों को नोटिस

मामले की जांच में कार में सवार अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है. पुलिस ने दो और लोगों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है. SIT जल्द ही उनके बयान दर्ज करेगी. इसके बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर फैसला लिया जाएगा.

पुलिस दुर्घटना में इस्तेमाल हुई कार के मूल मालिक का बयान भी रिकॉर्ड करने की तैयारी में है. जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि घटना के वक्त कार किसके कब्जे में थी और उससे जुड़े लोगों की भूमिका क्या थी.

शिवानी ने SIT को दिया राइड का वीडियो

इस मामले में डिजिटल सबूतों को काफी अहम माना जा रहा है. पीड़िता शिवानी चौहान, जिन्हें 'सिया' के नाम से भी जाना जाता है, ने अपनी पूरी बाइक राइड का रिकॉर्डेड वीडियो SIT को सौंप दिया है. इस वीडियो की जांच की जा रही है.

इसके अलावा पुलिस ने बीती रात घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन को रीक्रिएट भी किया. SIT CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और दूसरे सबूतों को आपस में मिलाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.

Gurugram Road Rage: महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारने वाला कल्याण बैंसला कैसे हुआ गिरफ्तार, DCP ने बताई पूरी कहानी