Gurugram Camellias Society Maid Assault: हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-42 स्थित डीएलएफ की हाई-प्रोफाइल सोसाइटी 'द कैमेलियाज' (The Camellias) से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें एक फ्लैट की मालकिन अपनी फुल टाइम काम करने वाली नेपाल मूल की मेड के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट करती नजर आ रही हैं. इसका वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
24 जुलाई का है मामला, शराब कारोबारी की पत्नी है आरोपी
पुलिस एफआईआर के मुताबिक यह घटना 24 जुलाई की है. टावर नंबर 7 के फ्लैट नंबर 407 में रहने वाले गुरुग्राम के एक बड़े शराब कारोबारी की पत्नी रुचिरा सचदेवा (उम्र 52 वर्ष) पर अपनी नौकरानी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. वीडियो बनाने वाले शख्स ने बताया कि नेपाल की रहने वाली यह मेड घर में फुल टाइम काम करती थी, लेकिन उस पर आए दिन जुल्म ढहाया जाता था और मारा-पीटा जाता था.
गुरुग्राम पुलिस ने लिया संज्ञान, थाने से ही मिल गई जमानत
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही गुरुग्राम पुलिस के हेड कांस्टेबल की शिकायत पर इस मामले का स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने आरोपी महिला रुचिरा सचदेवा को गिरफ्तार भी कर लिया, लेकिन उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की बेहद कमजोर और जमानती धाराओं (जैसे 115(2) और 127(2)) के तहत मामला दर्ज किया गया था. नतीजतन, गिरफ्तारी के महज कुछ घंटों बाद ही महिला को थाने से जमानत दे दी गई.
नेपाल लौट गई पीड़ित मेड, पैसों के दम पर मामला दबाने का आरोप
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित नौकरानी काम छोड़कर वापस अपने देश नेपाल लौट गई है. मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि पीड़ित ने पुलिस को लिखित में देकर वायरल वीडियो को हटाने और आगे कोई कार्रवाई न करने का अनुरोध किया है. हालांकि, सोशल मीडिया पर लोग गुरुग्राम पुलिस की ढीली कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या शराब कारोबारी ने अपने रसूख और पैसों की ताकत के बल पर इस मामले को रफा-दफा करवाया है.
क्या है 'द कैमेलियाज' सोसाइटी की खासियत?
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित 'द कैमेलियाज' 16 एकड़ में फैली डीएलएफ की एक अल्ट्रा लग्जरी सोसाइटी है. इसमें 4, 5 और 6 BHK के भव्य अपार्टमेंट्स हैं जिनकी कीमत ₹50 करोड़ से लेकर ₹150 करोड़ तक होती है. इतनी आलीशान सोसाइटी में रहने वाले रसूखदार परिवार द्वारा घरेलू सहायिका के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार करने पर आम जनता में गहरा रोष व्याप्त है.
ADVERTISEMENT


