Gurugram Dating App Fraud Gurugram Case: हरियाणा के गुरुग्राम से साइबर और हनीट्रैप क्राइम का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां डेटिंग ऐप के जरिए एक युवक से दोस्ती करने के बाद उसे ब्लैकमेल कर करीब 90 लाख रुपये ऐंठने वाली एमबीए पास युवती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी युवती ने युवक को झूठे दुष्कर्म के केस में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगातार लाखों रुपये वसूले. गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी महिला को सेक्टर-47 स्थित एक कैफे से रंगे हाथों पकड़ा.
ADVERTISEMENT
डेटिंग ऐप से शुरू हुई दोस्ती, 3 साल तक सामान्य रहे संबंध
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-47 निवासी पीड़ित युवक अंकित की पहचान एक डेटिंग ऐप के माध्यम से सुशांत लोक में रहने वाली एक युवती से हुई थी. युवती ने गुरुग्राम की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से एमबीए (MBA) किया है और वह एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे गहरी हुई और मिलना-जुलना शुरू हो गया. दोनों कई बार बाहर घूमने भी गए और इस दौरान उनके बीच शारीरिक संबंध भी बने. करीब 3 साल तक दोनों बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड की तरह रहे.
रेप केस की धमकी देकर शुरू की ब्लैकमेलिंग
करीब तीन साल बाद युवती ने अचानक युवक से पैसों की मांग शुरू कर दी. आरोप है कि जब युवक ने पैसे देने से इनकार किया, तो युवती ने उसे पुलिस में दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराने और समाज में बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया. कानूनी कार्रवाई और सामाजिक बदनामी के डर से पीड़ित युवक लगातार उसकी मांगें पूरी करता रहा. युवती अब तक उससे लगभग 90 लाख रुपये वसूल चुकी थी, लेकिन उसकी मांगें रुकने का नाम नहीं ले रही थीं. परेशान होकर पीड़ित ने आखिरकार गुरुग्राम क्राइम ब्रांच में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
कैफे में 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाया. योजना के तहत पीड़ित युवक ने युवती को पैसे देने के बहाने सेक्टर-47 स्थित एक कॉफी हाउस में बुलाया. सादे कपड़ों में पहले से मुस्तैद पुलिस टीम ने जैसे ही युवती को युवक से 50 हजार रुपये नकद लेते देखा, उसे मौके पर ही दबोच लिया. पुलिस ने युवती के पास से हस्ताक्षरित नोट भी बरामद कर लिए. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी युवती के बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये मिले हैं, जिसे तत्काल प्रभाव से फ्रीज (सीज) कर दिया गया है. पुलिस अब रिमांड पर लेकर यह पता लगा रही है कि क्या उसने किसी अन्य व्यक्ति को भी इसी तरह ब्लैकमेल किया था.
यह भी पढ़ें: 8 महीने से दिल्ली में रह रहे थे लिव-इन पार्टनर, रोहतक आते ही दोस्तों ने रचा ऐसा खौफनाक खेल, बर्बाद हुआ सब
ADVERTISEMENT


