Gurugram Rain Update: दिल्ली-NCR और हरियाणा में सुबह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने साइबर सिटी गुरुग्राम का बुरा हाल कर दिया है. शहर की मुख्य सड़कों से लेकर निचले इलाकों में पानी भर गया है. शीतला माता मंदिर के सामने वाले रास्ते पर जलभराव के कारण गाड़ियों की आवाजाही में लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. हालात बिगड़ते देख प्रशासन और पुलिस तुरंत मुस्तैद हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
सोहना और गुरुग्राम तहसील में सबसे ज्यादा हुई बारिश
मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों (5 अगस्त सुबह 8 बजे से 6 अगस्त सुबह 8 बजे तक) में गुरुग्राम जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 110 मिमी वर्षा सोहना में रिकॉर्ड की गई, जबकि गुरुग्राम तहसील में 97 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा हरसरू और कादीपुर में 76-76 मिमी, वजीराबाद में 55 मिमी, मानेसर में 54 मिमी, बादशाहपुर में 13 मिमी, फरुखनगर में 7 मिमी और पटौदी में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई.
सड़कों पर भरा पानी, 'वर्क फ्रॉम होम' की अपील
बारिश के चलते सड़कों और चौराहों पर लगे ट्रैफिक जाम को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक्स (X) पर एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने सभी कॉर्पोरेट संस्थानों और निजी कंपनियों से 6 अगस्त 2026 को कर्मचारियों को 'वर्क फ्रॉम होम' देने का अनुरोध किया है. पुलिस का कहना है कि निजी गाड़ियाँ कम निकलने से सड़कें खाली रहेंगी, जिससे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी जरूरी आपातकालीन सेवाओं को निकलने में आसानी होगी.
निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को तुरंत मैदान में उतारा
गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर ने भी सख्त आधिकारिक आदेश जारी किए हैं. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, पार्षदों और निगम कर्मचारियों को बिना देरी किए प्रभावित इलाकों में पहुंचने के निर्देश दिए हैं. नगर निगम की टीम को निर्देश दिया गया है कि वे मौके पर रहकर जलभराव को दूर करें ताकि आम जनता को आवागमन में किसी भी तरह की दिक्कत न झेलनी पड़े.
मौसम विभाग ने जारी की इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज के लिए हरियाणा के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में मौसम का अलर्ट जारी किया है. गुरुग्राम के साथ-साथ फरीदाबाद, पलवल, मेवात (नूंह), रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक हो सकती है. इस बारिश से उमस से राहत मिलेगी और 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: 'दीदी को दूसरों के साथ...मजबूर करता था जीजा' मृतक मेघा शर्मा की बहन ने लगाए कई सनसनीखेज आरोप !
ADVERTISEMENT


