साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-54 इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है. यहां बिहार के रहने वाले 24 वर्षीय युवक अमन की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके शव को लोहे के एक भारी संदूक में बंद कर दिया गया. गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू और उसके दोस्त मोहम्मद मिराज को गिरफ्तार कर लिया है. विस्तार से जानिए इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
अवैध संबंधों के चलते ली गई जान
पुलिस की शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं. मृतक अमन अपनी पत्नी सुनीता के साथ सेक्टर-54 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गियों में रहता था. सुनीता का बिहार के ही रहने वाले सोनू नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. जब अमन को इस बात का पता चला, तो पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा. सोनू को डर था कि अमन उसे मार सकता है, इसलिए उसने अमन को ही रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली.
घर में अकेला पाकर गला घोंटा, फिर संदूक में छिपाया शव
वारदात 25 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 बजे की है. आरोपी सोनू ने अपने दोस्त मोहम्मद मिराज के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, उस वक्त अमन की पत्नी सुनीता घरों में सफाई के काम पर गई हुई थी. अमन को झुग्गी में अकेला पाकर आरोपियों ने हमला कर दिया. एक आरोपी ने अमन के पैर पकड़े और दूसरे ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को घर में रखे पुराने लोहे के संदूक में डाल दिया.
पत्नी की भूमिका पर संदेह, पुलिस कर रही पूछताछ
इस मामले में सबसे रहस्यमयी बात यह है कि हत्या के करीब एक दिन बाद खुद सुनीता ने अमन के भाई को फोन कर बताया कि अमन का शव संदूक के अंदर है. पुलिस अब सुनीता की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है. हालांकि, अभी तक की पूछताछ में उसका सीधा हाथ सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस को संदेह है कि उसे इस साजिश की जानकारी हो सकती है. पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, यदि सुनीता की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बिहार का रहने वाला था अमन
मृतक अमन मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला था और पिछले डेढ़ साल से गुरुग्राम में रह रहा था. पुलिस ने बताया कि वह फिलहाल कोई काम नहीं करता था और उसकी पत्नी ही घर का खर्च चलाती थी. अमन के गले पर धारदार हथियार के निशान भी मिले हैं और नफरत के कारण चेहरे को बिगाड़ने की कोशिश भी की गई थी.
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सोनू के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज है. पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल की टीमों के जरिए मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है.
यहां देखें वीडियो
जेठ ने छोटे भाई की पत्नी को दराती से काट डाला, ससुर ने दी थी इजाजत, वजह बिल्कुल हैरान करने वाली
ADVERTISEMENT


