हरियाणा कांग्रेस में मची अंतर्कलह और नाराजगी की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को बादली से विधायक कुलदीप वत्स के घर पहुंचे. इस मुलाकात के बाद कयास लगाए जाने लगे कि हुड्डा अपने नाराज विधायक को मनाने पहुंचे हैं. हालांकि, कुलदीप वत्स ने इन तमाम अटकलों को खारिज करते हुए हुड्डा को अपने परिवार का मुखिया और पिता समान बताया.
ADVERTISEMENT
हुड्डा साहब मुझे मनाने नहीं, आशीर्वाद देने आए
मीडिया से बातचीत करते हुए कुलदीप वत्स ने साफ किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनके घर किसी को मनाने नहीं आए थे, बल्कि एक पारिवारिक मुखिया के तौर पर पहुंचे थे. उन्होंने कहा, "हुड्डा साहब मेरे पिता समान हैं और मैं उन्हें अपना नेता मानता हूँ. वह मेरे घर पर आशीर्वाद देने आए थे, इसे 'मनाने' के तौर पर देखना गलत है. हमारा घर उनका अपना घर है."
नाराजगी थी, लेकिन अपनों से नहीं
पिछले कुछ दिनों से कुलदीप वत्स के बयानों से उनकी नाराजगी साफ झलक रही थी. इस पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे नाराज जरूर थे, लेकिन उनकी नाराजगी हुड्डा साहब या दीपेंद्र हुड्डा से नहीं थी. उन्होंने कहा, "पार्टी के अंदर कुछ लोगों के काम करने के तरीके और हालिया घटनाक्रमों (राज्यसभा वोटिंग का मुद्दा) से मैं आहत था. मैंने अपनी बात खुलेआम रखी क्योंकि मैं स्वाभिमानी व्यक्ति हूं. पार्टी ने उन लोगों पर एक्शन भी लिया है और मुझे भरोसा है कि आगे भी कार्रवाई होगी."
5 मई से शुरू होगा 'नया मिशन'
अपने भविष्य के कदमों पर चर्चा करते हुए कुलदीप वत्स ने घोषणा की कि वे 5 मई को अपने जन्मदिन के अवसर पर एक नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे. उन्होंने कहा कि वे हरियाणा के हर कोने में किसान, मजदूर, युवा और व्यापारियों की आवाज उठाएंगे. उन्होंने विरोधियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बादली की जनता और उनके नेता का उन पर पूरा विश्वास है.
दीपेंद्र हुड्डा को बताया भाई
दीपेंद्र हुड्डा से नाराजगी की खबरों पर वत्स ने कहा कि दीपेंद्र उनके भाई की तरह हैं और उनके बीच कोई लड़ाई नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार में कभी-कभी वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वे कांग्रेस और हुड्डा परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं.
ये भी पढ़ें: हरियाणा: कांग्रेस विधायक के बेटे ने पिता से तोड़े सारे रिश्ते, 'क्रॉस वोटिंग' के आरोप के बाद लिया बड़ा फैसला
ADVERTISEMENT


