हरियाणा की राजनीति में एक ऐसा वाकया सामने आया है जिसने रिश्तों और राजनीति की मर्यादाओं पर नई बहस छेड़ दी है. हथीन (पलवल) से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल के बेटे नाजिम चौधरी ने अपने पिता से तमाम सामाजिक और राजनीतिक रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया है. नाजिम ने यह कड़ा कदम अपने पिता पर राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ 'क्रॉस वोटिंग' करने के आरोपों के बाद उठाया है.
ADVERTISEMENT
पिता ने पार्टी और जनता को दिया धोखा
नाजिम चौधरी ने 'हरियाणा तक' से बातचीत में साफ तौर पर कहा कि उनके पिता ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और उन हजारों कार्यकर्ताओं के भरोसे को तोड़ा है जो पीढ़ियों से उनके परिवार के साथ जुड़े थे. नाजिम ने कहा, "यह सिर्फ क्रॉस वोटिंग का मामला नहीं है, यह उन लोगों के अपमान की बात है जो हमारे परिवार को ईमानदारी की नजर से देखते थे".
राहुल गांधी की विचारधारा के लिए छोड़ी 'सत्ता की मलाई'
नाजिम ने बताया कि उनके पिता मोहम्मद इसराइल को वर्तमान में सरकार की ओर से बड़ी सुरक्षा और प्रोटोकॉल मिल रहा है, जो किसी कैबिनेट मंत्री से कम नहीं है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें भी बीजेपी सरकार की ओर से स्टेट बोर्ड का चेयरमैन बनाने जैसे ऑफर दिए गए थे, लेकिन उन्होंने राहुल गांधी के 'मोहब्बत की दुकान' और भाईचारे के पैगाम को सर्वोपरि माना. नाजिम ने कहा कि वे सत्ता और संपत्ति को ठुकरा कर विपक्ष में रहकर संघर्ष करना पसंद करेंगे.
"नौ के नौ विधायकों को पार्टी से निकालें खड़गे"
नाजिम ने कांग्रेस आलाकमान (मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी) से मांग की है कि जिन 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और जिन 4 के वोट जानबूझकर इनवैलिड कराए गए, उन सभी 9 विधायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसे नेताओं से डरने की जरूरत नहीं है और उन्हें तुरंत पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए.
पुश्तैनी जायदाद भी करेंगे वापस
रिश्ते तोड़ने की गंभीरता को बताते हुए नाजिम ने कहा कि वे अपने पिता द्वारा दी गई पुश्तैनी संपत्ति भी वापस कर देंगे और हथीन में अपना नया घर बनाकर जनता की सेवा करेंगे. उन्होंने इसे कोई राजनीतिक स्टंट मानने से इनकार करते हुए कहा कि वे अपनी मेहनत की 'हलाल' कमाई पर भरोसा करते हैं और सिर उठाकर जीना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: 'मेरे पिता ने राहुल गांधी को धोखा दिया..' राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से घमासान! बेटे ने विधायक पिता से
ADVERTISEMENT


