हरियाणा: बाइकर गर्ल और गैंगस्टरों की धमकी के मुद्दा, जानें DGP अजय सिंघल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या-क्या बताया?

न्यूज तक डेस्क

• 08:19 PM • 29 Sep 2026

Haryana DGP Ajay Singhal News: हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने गुरुग्राम में पुलिस व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर बात की. उन्होंने रंगदारी कॉल, गैंगस्टरों की धमकी, हथियारों की सप्लाई और महिला सुरक्षा पर पुलिस की कार्रवाई बताई. साथ ही नई भर्तियों और पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना की जानकारी दी.

DGP अजय सिंघल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस क्या बताया
DGP अजय सिंघल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस क्या बताया
Google CTA

Haryana DGP Ajay Singhal News: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल पहली बार गुरुग्राम पहुंचे. इसी साल जनवरी में डीजीपी का पद संभालने के बाद गुरुग्राम का यह उनका पहला दौरा था. इस दौरान उन्होंने सेक्टर 171 में बने नए पुलिस थाने का उद्घाटन किया और वहां मौजूद सुविधाओं की जानकारी ली. इसके बाद डीजीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें पत्रकारों ने हरियाणा की कानून व्यवस्था से जुड़े कई सवाल पूछे. रंगदारी के लिए आने वाली कॉल और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे. करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस थाने के जरिए पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया.

Read more!

रंगदारी कॉल पर DGP ने क्या कहा?

हरियाणा में बाहर बैठे गैंगस्टरों की ओर से लोगों को धमकी देने और रंगदारी मांगने को लेकर सवाल पूछा गया. डीजीपी ने कहा कि टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल करके बाहर से लोगों को धमकी देने की कोशिश की जा रही है.उन्होंने बताया कि इसके लिए पुलिस ने एक SOP तैयार की है. साथ ही ऐसी धमकी भरी कॉल, मैसेज और वॉइस मैसेज को रोकने के लिए 'अभेद' ऐप बनाई गई है.डीजीपी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति लोगों के बीच डर पैदा करने की कोशिश करता है तो उसे सख्त जवाब दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस पर गन उठाने पर जवाब गन से दिया जाएगा.

पिछले दो साल में 25वां गैंगस्टर डिपोर्ट

डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि पिछले दो साल में पुलिस 25वें गैंगस्टर को डिपोर्ट कराकर भारत लाई है. उनके मुताबिक, कुरुक्षेत्र से जुड़े इस आरोपी को मलेशिया से लाया गया है. उन्होंने कहा कि विदेशों में छिपे ऐसे लोगों को पकड़ने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. उनका कहना था कि टेक्नोलॉजी के जरिए धमकी देने वालों पर भी पुलिस नजर रख रही है.

गैंगस्टरों को लेकर मीडिया से की खास अपील

डीजीपी ने मीडिया से गैंगस्टरों को ज्यादा प्रचार नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि कई बार गैंगस्टर घटनाओं की जिम्मेदारी का दावा करते हैं. कुछ मामलों में झूठे दावे भी किए गए हैं. उनके मुताबिक, गैंगस्टर चाहते हैं कि मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए उनका डर लोगों तक पहुंचे. इसलिए उन्होंने ऐसे मामलों में उनके नाम को प्रमुखता से नहीं दिखाने की अपील की.

रोड रेज और महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरुग्राम की सड़कों पर होने वाली घटनाओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल पूछे गए. हाल में सामने आए रोड रेज के मामले का भी जिक्र हुआ. डीजीपी ने बताया कि जिस लड़की पर हमला हुआ था, उस आरोपी को पुलिस ने तलाश कर गिरफ्तार किया. उनके मुताबिक, आरोपी को पलवल से पकड़ा गया और उसके खिलाफ धारा 308 लगाई गई.

गुरुग्राम में CCTV और कंट्रोल रूम पर जोर

डीजीपी ने कहा कि गुरुग्राम में सड़क से जुड़े मामलों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है. उन्होंने बताया कि शहर में CCTV लगाए गए हैं और कंट्रोल रूम भी तैयार किए जा रहे हैं. उनके मुताबिक, अगर कोई इस तरह की घटना को अंजाम देता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं.

महिला सुरक्षा के लिए पुलिस की योजनाएं

महिला सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने हरियाणा पुलिस की कई व्यवस्थाओं का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि प्रदेश में 33 महिला पुलिस स्टेशन बनाए गए हैं. इसके अलावा महिला दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स और ऐप की व्यवस्था भी है. किसी महिला के परेशानी में होने पर ऐप के जरिए मदद ली जा सकती है. अकेली महिला के सफर के लिए ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस भी उपलब्ध है. डीजीपी ने बताया कि स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं. जरूरत वाले स्थानों पर दुर्गा शक्ति वाहन भी तैनात किए गए हैं.

इस साल करीब 20 हजार भर्तियों की तैयारी

डीजीपी अजय सिंघल ने पुलिस में नई भर्तियों को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हरियाणा में इस साल करीब 20 हजार नई भर्तियां की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को भी लगातार बेहतर किया जा रहा है. लक्ष्य है कि साल 2030 तक करीब 600 करोड़ रुपये की मदद से प्रदेश के पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार किया जाए.

महिला अपराध में 20 फीसदी कमी का दावा

डीजीपी ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से किए जा रहे कामों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में महिलाओं के खिलाफ अपराध में करीब 20 फीसदी की कमी आई है. उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है और इसके लिए अलग-अलग स्तर पर काम किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम: लिव-इन पार्टनर संग PG में रहती थी तनीषा, फिर कमरे में मिला शव, घरवालों ने लगाया हत्या का आरोप