यूपी पुलिस का खौफ! करनाल जेल में बंद गैंगस्टर ने पहले ही मांगी सुरक्षा, कहा- हाथ-पैर बांधकर ले जाना

न्यूज तक डेस्क

• 11:51 AM • 02 Sep 2026

हरियाणा की करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पम्पू ने अंकित बालियन हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद सुरक्षा की मांग की है. उसने अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा कि यूपी पुलिस कस्टडी में ले तो हाथ-पैर में बेड़ियां लगाई जाएं और पूरी यात्रा की वीडियोग्राफी हो. शामली पुलिस जल्द कस्टडी मांग सकती है.

haryana
haryana
Google CTA

हरियाणा की करनाल जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर राकेश उर्फ पम्पू ने उत्तर प्रदेश पुलिस से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. शामली के चर्चित सिंगर अंकित बालियन हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद गैंगस्टर ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पुलिस व जेल अधिकारियों को एक पत्र भेजा है. इसमें उसने मांग की है कि अगर यूपी पुलिस उसे जेल से पूछताछ के लिए लेकर जाती है तो उसके हाथ-पैर में बेड़ियां लगाई जाएं और पूरे रास्ते की वीडियोग्राफी कराई जाए.

Read more!

अंकित बालियन हत्याकांड में सामने आया गैंगस्टर का नाम

राकेश उर्फ पम्पू को गोगी गैंग से जुड़ा कुख्यात गैंगस्टर बताया जा रहा है. वह फिलहाल हरियाणा की करनाल जेल में बंद है. आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए सिंगर अंकित बालियन की हत्या की साजिश रची थी. अंकित बालियन की हत्या के मामले में शामिल बताए जा रहे शूटरों के एनकाउंटर के बाद शामली के एसपी ने राकेश उर्फ पम्पू का नाम इस मामले से जोड़ा था. इसके बाद से पुलिस की कार्रवाई में उसका नाम चर्चा में है.

कस्टडी रिमांड से पहले ही लिख दिया पत्र

इस मामले में खास बात यह है कि शामली पुलिस की ओर से राकेश उर्फ पम्पू की कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन किए जाने से पहले ही उसने अपनी सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को पत्र भेज दिया. गैंगस्टर ने अपने वकील के जरिए डीजीपी हरियाणा, करनाल जेल के अधिकारियों, करनाल पुलिस और शामली पुलिस समेत संबंधित अधिकारियों तक यह पत्र पहुंचाया है.

'हाथ-पैर में बेड़ियां डालकर लेकर जाएं'

पत्र में राकेश उर्फ पम्पू ने कहा है कि यदि उत्तर प्रदेश पुलिस उसे करनाल जेल से अपनी कस्टडी में लेती है तो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. उसने साफ तौर पर मांग की है कि उसके हाथ और पैरों में बेड़ियां लगाकर उसे जेल से बाहर ले जाया जाए. उसने यह भी कहा है कि जेल से बाहर निकालने के समय से लेकर उसे जिस स्थान पर ले जाया जाए, वहां तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होनी चाहिए.

हर समय सुरक्षा की मांग

राकेश ने अधिकारियों से अपनी सुरक्षा के लिए हर वक्त पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की मांग भी की है. उसका कहना है कि कस्टडी के दौरान उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उसके साथ कोई अनहोनी न हो. उसकी इन मांगों को लेकर अब यह मामला चर्चा में है कि आखिर गैंगस्टर को यूपी पुलिस की कस्टडी में जाने को लेकर इतनी चिंता क्यों है.

कल करनाल जेल पहुंच सकती है शामली पुलिस

अंकित बालियन हत्याकांड की जांच के सिलसिले में शामली पुलिस की टीम करनाल जेल जाने वाली है. टीम गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे राकेश उर्फ पम्पू की कस्टडी रिमांड मांग सकती है. ऐसे में अब सबकी नजर शामली पुलिस की अगली कार्रवाई पर है. राकेश की कस्टडी मिलने के बाद पुलिस उससे हत्याकांड की साजिश और कथित शूटरों से उसके संबंधों को लेकर पूछताछ कर सकती है.

यूपी में एनकाउंटर का डर क्यों?

गैंगस्टर की ओर से हाथ-पैर में बेड़ियां लगाने और पूरे सफर की वीडियोग्राफी कराने की मांग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. उसकी मांग से यह संकेत मिलता है कि उसे उत्तर प्रदेश पुलिस की कस्टडी में जाने को लेकर डर है.

उत्तर प्रदेश में पहले भी कई कुख्यात अपराधियों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के मामले सामने आ चुके हैं. विकास दुबे का मामला भी इसी तरह चर्चा में रहा था. ऐसे मामलों के कारण पुलिस कस्टडी में जाने को लेकर अपराधियों की आशंकाओं पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं.

फिलहाल राकेश उर्फ पम्पू की मांग और शामली पुलिस की संभावित कस्टडी रिमांड के बीच यह मामला खासा चर्चा में है. अब देखना होगा कि पुलिस उसे अपनी कस्टडी में ले पाती है या नहीं और जांच में हत्याकांड को लेकर क्या नए तथ्य सामने आते हैं.

Ankit baliyan Case: मजदूरी करने वाले सुमित के एनकाउंटर होने के बाद पिता ने बताई पूरी कहानी