पहले छोटे भाई की जान ली, फिर पत्नी और अब पिता... झज्जर में इस एक विवाद के कारण उजड़ गया परिवार

Haryana News: हरियाणा के झज्जर जिले के दुजाना गांव में पुलिस सुरक्षा के बावजूद 65 वर्षीय विजय सैनी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. आरोपी संजय बिरधाना पहले मृतक के छोटे बेटे और अपनी पत्नी का भी खून कर चुका है. इस खौफनाक वारदात के बाद गुस्साए परिवार ने शव लेने से साफ इनकार कर दिया है.

Haryana News
Haryana News

सुरेंद्र सिंह

follow google news

Jhajjar Dujana Murder case: हरियाणा के झज्जर जिले से कानून व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक खबर सामने आई है. दुजाना गांव में पुलिस सिक्योरिटी (गनमैन) की मौजूदगी के बावजूद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग की अंधाधुंध गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान 65 वर्षीय विजय सैनी के रूप में हुई है, जो बिजली निगम से रिटायर्ड कर्मचारी थे.

Read more!

इस मर्डर के पीछे जो कहानी निकलकर सामने आई है, वह किसी भी आम इंसान की रूह कंपा देने के लिए काफी है. इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिरधाना गांव का रहने वाला 'संजय' नाम का शख्स है, जो अब तक एक-एक करके तीन मर्डर कर चुका है, लेकिन पुलिस की ढिलाई के चलते वह आज भी खुलेआम घूम रहा है.

गनमैन दौड़ता रहा, बदमाश काम तमाम कर फरार हो गए

रविवार को दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच विजय सैनी अपने खेत में पानी लगाने के बाद साइकिल से वापस घर लौट रहे थे. उनके साथ उनका बेटा सुनील सैनी और सुरक्षा के लिए मिला पुलिस गनमैन भी कुछ दूरी पर मौजूद थे. तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने विजय सैनी को रास्ते में घेर लिया और उन पर करीब 8 से 9 गोलियां दाग दीं. गनमैन जब तक हमलावरों की तरफ दौड़ा, तब तक बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे. विजय सैनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

एक ही सनकी के 3 मर्डर: रूह कंपा देगी क्रोनोलॉजी

मृतक के बेटे सुनील सैनी ने रोते हुए पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जो खुलासा किया है, वह बेहद चौंकाने वाला है:

1. पहला मर्डर (मार्च 2021): आरोपी संजय ने जमीनी रंजिश के चलते सुनील के छोटे भाई अनिल कुमार की हत्या कर दी थी. इस मामले में वह जेल गया, लेकिन दिसंबर 2025 में उसे जमानत मिल गई.
2. दूसरा मर्डर (मार्च 2026): जेल से बाहर आते ही संजय ने 2026 में होली वाले दिन अपनी ही पत्नी अंजलि की घरेलू विवाद में हत्या कर दी और तब से फरार चल रहा था.
3. तीसरा मर्डर (जून 2026): अब उसने इसी परिवार के मुखिया और रिटायर्ड बिजली कर्मी विजय सैनी को मौत के घाट उतार दिया.

"प्रशासन ने नहीं की सुनवाई, अब एनकाउंटर करो" - शव लेने से इनकार

सुनील सैनी का आरोप है कि होली पर दूसरी हत्या करने के बाद उन्होंने झज्जर सीपी मैडम के दफ्तर में दो बार लिखित शिकायत देकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी. उनके पास पुलिस की रिसीविंग भी है. परिवार ने पुलिस को पहले ही चेताया था कि उनकी जान को संजय से खतरा है, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.

गुस्साए परिजनों ने अब विजय सैनी का शव लेने से साफ मना कर दिया है. बेटे सुनील ने साफ शब्दों में कहा, "जो शख्स तीन-तीन मर्डर करके खुलेआम घूम रहा है और जिसने पूरे हंसते-खेलते परिवार उजाड़ दिए, उसका एनकाउंटर होना चाहिए. जब तक आरोपी पकड़ा नहीं जाता, हम पिता का शव नहीं उठाएंगे."

यह पूरी रंजिश साल 2020 में एक खेत के रास्ते के विवाद से शुरू हुई थी, जिसे बाद में पंचायत ने सुलझा भी दिया था. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन झज्जर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'क्या करेगा आजा, जा दफा हो...' रोहतक SP से भिड़े इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला, अब वीडियो हो रहा वायरल, जानें क्या है पूरा मामला?

    follow google news