मध्य पूर्व (Middle East) में ईरान और अमेरिका समर्थित देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए हैं. इस तनाव के बीच हरियाणा के रोहतक और सोनीपत के कई युवक कतर और खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं. रोहतक के मायना गांव के रहने वाले सुरेंद्र, जो मर्चेंट नेवी (ऑयल एंड गैस फील्ड) में कार्यरत हैं, ने वीडियो कॉल के जरिए वहां के ताजा हालात साझा किए हैं.
ADVERTISEMENT
आसमान में दिख रहा मिसाइलों का धुआं
सुरेंद्र ने बताया कि जहां वे रह रहे हैं, वहां से करीब 40 किलोमीटर दूर अमेरिकी एयरबेस है, जिसे ईरान लगातार निशाना बना रहा है. उन्होंने वीडियो में आसमान की ओर इशारा करते हुए दिखाया कि कैसे मिसाइलों के फटने के बाद काले धुएं के गुबार छाए हुए हैं. हालांकि, रिहायशी इलाकों में अभी तक सीधी बमबारी नहीं हुई है, लेकिन रात के समय भारी धमाकों की आवाजें सुनाई देती हैं.
60-70 भारतीय एक साथ सुरक्षित स्थान पर
सुरेंद्र के साथ करीब 60 से 70 भारतीय एक ही इलाके में फंसे हुए हैं. उन्होंने बताया कि कल वे एयरबेस के काफी करीब थे, लेकिन स्थिति बिगड़ते देख उन्हें वहां से निकालकर सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है. सोनीपत के अमित मलिक ने बताया कि उनके होटल के ऊपर से मिसाइलें गुजर रही हैं और आर्मी बेस पर गिर रही हैं.
सरकार की एडवाइजरी: 'घरों के अंदर ही रहें'
कतर सरकार और भारतीय दूतावास लगातार एसएमएस और हेल्पलाइन नंबरों के जरिए अपडेट दे रहे हैं. स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने कमरों और घरों के अंदर ही रहें और बाहर न निकलें. खाड़ी देशों में फिलहाल 7 मार्च तक सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे घर वापसी की उम्मीद लगाए बैठे लोगों की चिंता बढ़ गई है.
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच कतर में फंसे हरियाणा के युवकों ने सुनाई आपबीती. आसमान में दिखा मिसाइलों का धुआं, अमेरिकी एयरबेस पर हमला. जानें रोहतक के सुरेंद्र और सोनीपत के अमित ने क्या कहा.
ADVERTISEMENT

