हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की मां-दादी का रो-रोकर बुरा हाल,गली के बीच बर्फ पर शव रख क्या मांग की?

न्यूज तक डेस्क

• 01:29 PM • 27 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बर्फ पर शव रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस से हत्यारों के तुरंत एनकाउंटर की मांग की.

सिंगर अंकित बालियान की मां
सिंगर अंकित बालियान की मां
Google CTA

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान (35) की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर की गई हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी और भारी तनाव का माहौल है. वारदात के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अंकित का शव सड़क पर बर्फ पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के तुरंत एनकाउंटर की मांग की.

Read more!

अंकित बालियान की मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है. मीडिया से बातचीत के दौरान अंकित की परिजनों ने पुलिस प्रशासन और सरकार से कड़े शब्दों में अपनी बात रखी.

हमारी आंखों के सामने हत्यारों का एनकाउंटर करो

हरियाणा तक की रिपोर्ट के मुताबिक, परिजनों ने अपनी बदहवासी और गुस्से में पुलिस की कार्रवाई और संदिग्ध परिस्थितियों पर सवाल उठाए. अंकित की महिला रिश्तेदार/मां ने रोते हुए कहा, "कल राखी का त्योहार है, हमारी मां-बहनें तड़प रही हैं. हमें नहीं पता वे कौन लोग थे, प्राइवेट कपड़ों में आए थे. हमारी बस यही मांग है कि जिन्होंने हमारे बच्चे को मारा है, उनका एनकाउंटर हमारी आंखों के सामने किया जाए."

परिजनों ने बताया कि अंकित रोज की तरह बुधवार शाम को जिम गया था. अचानक सूचना मिली कि उसके साथ वारदात हो गई है. पुलिस सीधे शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई, जिससे परिजनों को भारी सदमा पहुंचा.

जिला पंचायत चुनाव की कर रहे थे तैयारी

परिजनों के अनुसार, अंकित की किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी. वह बहुत ही मिलनसार इंसान थे और गांव में सब से इज्जत व प्यार से बोलते थे. पिछले कई महीनों से अंकित आगामी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे. परिजनों का अंदेशा है कि कहीं चुनावी रंजिश या किसी साजिश के तहत तो यह हत्या नहीं की गई, हालांकि असली वजह का खुलासा अभी नहीं हो सका है.

जिम के बाहर बदमाशों ने 14 से अधिक गोलियां बरसाईं

यह पूरी घटना शामली के नाला पटरी इलाके की है. बुधवार शाम को जब अंकित बालियान जिम सेशन खत्म करके बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठने लगे, तभी घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. बदमाशों ने करीब 14 से 20 राउंड गोलियां चलाईं. गोली लगने से अंकित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

घटना के बाद डीआईजी, एसपी, एडीजी और सीओ समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. पुलिस फिलहाल इलाके के सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है.

ये भी पढ़ें:"कहां जा रहा है हमारा टैक्स का पैसों?..." गुरुग्राम में जलभराव में फंसी स्कूल बसों तो पेरेंट्स ने खुद संभाला मोर्चा, अब बयां किया दर्द