जीवन कुंडू हत्याकांड: CM सैनी संग बैठक में 3 बड़ी मांगों पर बनी सहमति, 14 दिन बाद अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ परिवार

राहुल यादव

• 12:36 PM • 17 Aug 2026

Jivan Kundu Murder Hisar Case: हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में 14 दिन बाद बड़ा मोड़ आया है. चंडीगढ़ में सीएम नायब सैनी और संघर्ष समिति के बीच हुई बैठक में सरकार ने परिजनों की सभी मांगें मान ली हैं. 1 करोड़ की मदद, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और 15 अगस्त को दर्ज केस वापस लेने के वादे के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गया है.

 जीवन कुंडू हत्याकांड: CM नायब सैनी से बैठक के बाद बनी सहमति,
जीवन कुंडू हत्याकांड: CM नायब सैनी से बैठक के बाद बनी सहमति,
Google CTA

Jivan Kundu Murder Hisar Case: हरियाणा के हिसार जिले में हुए बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर आखिरकार 14वें दिन बड़ा गतिरोध समाप्त हो गया है. 15 अगस्त को हांसी में हुए भारी हंगामे और पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के बाद, संघर्ष समिति और खाप प्रतिनिधियों की चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ अहम बैठक हुई. इस बैठक में सरकार ने संघर्ष समिति की तमाम मांगें मान ली हैं, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक जीवन कुंडू के अंतिम संस्कार पर सहमति जता दी है.

Read more!

बीजेपी नेता ने कराई मध्यस्थता, चंडीगढ़ में हुई अहम बैठक

इस पूरे विवाद को सुलझाने में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व प्रदेश महामंत्री और फतेहाबाद के संगठन प्रभारी सुरेंद्र पुनिया ने बिचौलिये की भूमिका निभाई. उन्होंने संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सीएम नायब सिंह सैनी से मिलवाया. वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने संघर्ष समिति की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उन पर तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने 14 दिनों से चल रहा धरना समाप्त करने का फैसला किया.

CM सैनी संग बैठक में इन 3 बड़ी मांगों पर बनी सहमति

चंडीगढ़ में हुई इस बैठक के दौरान सरकार और संघर्ष समिति के बीच मुख्य रूप से तीन बड़ी शर्तों पर पूर्ण सहमति बनी है:

1. मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी: हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग पर खुद सीएम नायब सिंह सैनी ने समिति को जुबान दी और कहा कि पुलिस आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजेगी.
2. दर्ज मुकदमे और गाड़ियां वापस: 15 अगस्त को हांसी में हुए बवाल के दौरान किसान नेता सुरेश कोथ और शमशेर नंबरदार समेत जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, उन्हें रिहा किया जाएगा. साथ ही जब्त किए गए सभी वाहनों (ट्रैक्टर आदि) को पुलिस छोड़ेगी और दर्ज केस वापस लिए जाएंगे.
3. आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी: मृतक जीवन कुंडू के पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी.

15 अगस्त को हुआ था बवाल

गौरतलब है कि मूल रूप से किनाला गांव के रहने वाले जीवन कुंडू हिसार के सूर्यनगर में डेयरी चलाते थे. 4 अगस्त को गोबर डालने के मामूली विवाद में पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी. मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज खाप पंचायतों ने 15 अगस्त को हांसी में सीएम नायब सैनी के झंडारोहण कार्यक्रम का विरोध किया था. सिसाई पुल के पास पुलिस और भीड़ के बीच भारी टकराव, लाठीचार्ज और पथराव हुआ था. खाप पंचायतों ने चेतावनी दी थी कि यदि बैठक बेनतीजा रहती तो 18 अगस्त से हिसार-दिल्ली, हिसार-सिरसा और हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे को पूरी तरह बंद कर दिया जाता.

किनाला गांव में होगा अंतिम संस्कार

सरकार द्वारा सभी मांगें मान लिए जाने और मुख्यमंत्री के सीधे हस्तक्षेप के बाद अब जीवन कुंडू का परिवार उनके पैतृक गांव किनाला में पूरे रीति-रिवाज के साथ दाह संस्कार करने के लिए तैयार हो गया है. इस फैसले से प्रशासन और पुलिस महकमे ने भी राहत की सांस ली है.

क्या है पूरा मामला?

हांसी में 8 अगस्त को डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या कर दी गई थी. बताया गया कि जीवन कुंडू बाइक से ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में 10 से 12 युवकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी रमेश सिंह अभी फरार है. प्रदर्शन कर रहे लोग लगातार उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

इसी मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के 15 अगस्त के ध्वजारोहण कार्यक्रम का विरोध करने का फैसला किया था. तय कार्यक्रम के मुताबिक, 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे प्रदर्शनकारी ट्रैक्टरों और दूसरे वाहनों से कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने लगे. इसके बाद मौके पर स्थिति बिगड़ गई.

यह भी पढ़ें: हांसी SP ने प्रदर्शनकारियों पर पत्थर फेंके थे या नहीं? वायरल वीडियो पर अब खुद सामने आकर दिया जवाब