जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं... नरवाना में इनेलो समर्थकों ने अभय चौटाला को बताया 2029 का CM, JJP पर साधा निशाना

Haryana News: इनेलो की नरवाना रैली में कार्यकर्ताओं ने अभय सिंह चौटाला को हरियाणा का अगला मुख्यमंत्री बताया और राज्यसभा चुनाव में तटस्थ रहने के फैसले की सराहना की. समर्थकों ने जेजेपी और दुष्यंत चौटाला पर तीखा हमला करते हुए उन्हें 'झूठों की पार्टी' करार दिया.

दुष्यंंत चौटाला
दुष्यंंत चौटाला

सुनील कुमार

follow google news

हरियाणा की राजनीति में इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल) एक बार फिर अपनी जड़ें मजबूत करने की कोशिश में जुट गई है. शहीदी दिवस के मौके पर नरवाना की अनाज मंडी में आयोजित 'युवा महासम्मेलन' में उमड़ी भीड़ ने इनेलो कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद कर दिए हैं. रैली में पहुंचे युवाओं और कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि आने वाला समय इनेलो का है और अभय सिंह चौटाला प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे.

Read more!

राज्यसभा चुनाव के फैसले ने बदली छवि

रैली में मौजूद कार्यकर्ताओं का मानना है कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान वोटिंग से दूर रहने का अभय चौटाला का फैसला 'मास्टरस्ट्रोक' साबित हुआ है. एक कार्यकर्ता ने कहा, "हमने जनता की आवाज पर वोट न करने का निर्णय लिया. इससे पूरे देश में यह संदेश गया है कि अभय सिंह चौटाला जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं. उन्होंने न भाजपा का साथ दिया और न कांग्रेस का." कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अन्य दलों में विधायकों की खरीद-फरोख्त हुई, लेकिन इनेलो अपने सिद्धांतों पर अडिग रही.

युवाओं को 50% टिकट देने का वादा

इनेलो समर्थकों ने दावा किया कि पार्टी 2029 के विधानसभा चुनावों में युवाओं को 50 प्रतिशत टिकट देने का काम करेगी. उन्होंने चौधरी देवीलाल के दौर को याद करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने 'युवा लोकदल' बनाकर एक नई ब्रिगेड तैयार की थी, वैसी ही तैयारी अब अभय चौटाला कर रहे हैं. रैली में 'इनेलो जिंदाबाद' और 'अभय सिंह चौटाला मुख्यमंत्री' के नारे गूंजते रहे.

जेजेपी और दुष्यंत चौटाला पर तीखा हमला

जननायक जनता पार्टी (JJP) और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर इनेलो कार्यकर्ताओं ने जमकर भड़ास निकाली. दुष्यंत चौटाला को 'झूठों का राजा' करार देते हुए एक समर्थक ने कहा, "जेजेपी बिच्छूनाथ की तरह है जो सदा डसती आई है. उन्होंने परिवार को डसा और अब जनता को डस रहे हैं." कार्यकर्ताओं ने चुनौती देते हुए कहा कि जेजेपी की रैलियों में और इनेलो की इस रैली में युवाओं के जोश का फर्क साफ देखा जा सकता है.

क्या इनेलो-जेजेपी फिर होंगे एक?

जब कार्यकर्ताओं से पूछा गया कि क्या परिवार के एक हुए बिना जीत संभव है, तो उन्होंने दोटूक कहा कि अभय चौटाला अकेले ही किसानों और युवाओं की लड़ाई लड़ने में सक्षम हैं. उन्होंने कांग्रेस को 'सांपनाथ' और भाजपा को 'नागनाथ' बताते हुए कहा कि इनेलो ही हरियाणा का असली विकल्प है.

ये भी पढ़ें: फरीदाबाद: पेट्रोल पंप पर पंचर बनाने वाला निकला पाकिस्तानी जासूस! फोटो और लोकेशन के बदले मिलते थे हजारों रुपये

    follow google news