'जाको राखें साइयां मार सके ना कोय', संत कबीर दास की कबीर दोहवली का यह छंद काफी प्रसिद्ध है और कुछ ऐसा ही मामला हरियाणा के जींद से सामने आया है. यहां जींद के कैथल रोड फ्लाई ओवर के पास खड़ी एक गाड़ी पर गिट्टियों से भरा डंपर पलट गया. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस गाड़ी में नव-विवाहित जोड़ा जिसकी शादी बीती रात हुई थी, उसके सहित 5 लोग सवार थे. लेकिन गाड़ी के ड्राइवर को छोड़कर किसी को चोट नहीं पहुंची. वहीं घटना स्थल के आसपास मौजूद लोगों ने सभी कार सवार को बाहर निकाला और मौके से डंपर का ड्राइवर फरार हो गया. आइए विस्तार से जानते हैं इस घटना की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
घरवालों का कर रहे थे इंतजार, तभी हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक पानीपत के राजा खेड़ी गांव का रहने वाला यह परिवार सिरसा के एक गांव में शादी समारोह के बाद सुबह घर लौट रहा था. तभी सुबह करीब 9 बजे दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी कैथल रोड फ्लाईओवर के पास पीछे से आ रही परिवार की गाड़ियों का इंतजार करने के लिए रुक गई. तभी जींद शहर के पटियाला चौक की ओर से आ रहा गिट्टियों से भरा एक डंपर नेशनल हाईवे पर चढ़ने के लिए मुड़ा. लेकिन मोड़ पर डंपर का संतुलन बिगड़ गया और ओवरलोड होने की वजह से डंपर सीधे दूल्हा-दुल्हन की खड़ी गाड़ी पर जा गिरा.
आम लोगों ने बचाई सबकी जान
डंपर पलटने की वजह से अंदर मौजूद सारी गिट्टियां गाड़ी पर गिर गई, जिसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई. हादसे को देखते ही मौके पर मौजूद लोग गाड़ी के पास पहुंचे और उन्होंने गाड़ी के अंदर दूल्हा-दुल्हन, एक छोटे बच्चे समेत 5 लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. वहीं मौजूद लोगों में से किसी ने मामले की सूचना 112 और एंबुलेंस को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे.
डंपर चालक फरार, घायल का इलाज जारी
इस हादसे में गाड़ी चला रहे चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे एम्बुलेंस से जींद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं परिवार के अन्य सदस्यों को दूसरी गाड़ी का इंतजाम कर उनके घर पानीपत के लिए भेज दिया गया. घटना के बाद ही डंपर चालक मौके से फरार हो गया.
यहां देखें खबर का वीडियो
ADVERTISEMENT

