Jiwan Kundu Case: CM Saini से मुलाकात के दौरान जीवन कुंडू केस में क्या-क्या हुई बात? संघर्ष समिति ने कैमरे पर बताई पूरी बात

प्रवीण कुमार

• 12:54 PM • 18 Aug 2026

Jivan Kundu Murder Hisar Case: जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और संघर्ष समिति के बीच चंडीगढ़ में हुई बैठक में सहमति बन गई है. सरकार ने मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, परिवार को आर्थिक मदद और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ गठित करने का आश्वासन दिया है.

जीवन कुंडू हत्याकांड में बड़ा फैसला
जीवन कुंडू हत्याकांड में बड़ा फैसला
Google CTA

Jiwan Kundu Murder Case: हरियाणा के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में लगातार चल रहे धरने और गतिरोध के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और 5 सदस्यीय संघर्ष समिति के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है. इसके साथ ही संघर्ष समिति ने गतिरोध खत्म करने और जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया है.

Read more!

परिवार को नौकरी और एसटीएफ की छापेमारी के निर्देश

पूर्व मंत्री छत्रपाल और पूनिया खाप के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में परिजनों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जीवन कुंडू की पत्नी को सरकारी नौकरी देने और परिवार को रिसेट करने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया है. इसके साथ ही फरार चल रहे शेष आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ (STF) की टीमों को तुरंत रेड करने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रदर्शनकारियों पर दर्ज गंभीर धाराएं हटाने का आदेश

15 अगस्त के दिन हांसी और हिसार में हुए हंगामे व पुलिस के साथ टकराव के बाद कई प्रदर्शनकारियों पर धारा 307 (हत्या का प्रयास) और देशद्रोह जैसी गंभीर धाराएं दर्ज कर ली गई थीं. संघर्ष समिति के निवेदन पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया और एडीजीपी को इन धाराओं को हटाने के निर्देश दिए. गंभीर धाराएं हटाए जाने के बाद गिरफ्तार किए गए साथियों को जमानत मिल गई है और अन्य मुकदमों को भी कानूनी प्रक्रिया के तहत समाप्त करने की बात कही गई है.

पैतृक गांव केना में होगा अंतिम संस्कार

पूर्व मंत्री छत्रपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बातचीत के बाद मामला पूरी तरह सुलझ गया है. मृतक जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव केना में पूर्ण सम्मान और रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा. सरकार और समाज दोनों के सहयोग से पीड़ित परिवार को आर्थिक और सामाजिक संबल प्रदान किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: हांसी SP ने प्रदर्शनकारियों पर पत्थर फेंके थे या नहीं? वायरल वीडियो पर अब खुद सामने आकर दिया जवाब