करनाल: मां से 10 मिनट में घर आने की बात कहकर दोस्तों संग निकला कृष... 2 घंटे बाद मिली मौत की खबर, फिर सामने आई दोस्तों की झूठ वाली कहानी

कमलदीप

05 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 5 2026 5:41 PM)

Karnal Krish Murder Case: करनाल में 20वां जन्मदिन मना रहे कृष नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. झगड़े के बाद दोस्त एक्सीडेंट की झूठी सूचना देकर मौके से भाग निकले. बिहार से आकर करनाल में मजदूरी कर रहे पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, पुलिस ने मर्डर केस दर्ज किया है.

करनाल में बर्थडे दिन ही हो गई कृष की हत्या
करनाल में बर्थडे दिन ही हो गई कृष की हत्या
Google CTA

Karnal News: हरियाणा के करनाल से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. जिस दिन बेटे का 20वां जन्मदिन था, जिस दिन घर में खुशियों का माहौल होना चाहिए था, उसी रात एक फोन कॉल ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी. मामला 2 अक्टूबर का है. मृतक की पहचान कृष के नाम रूप में हुई है. बताया जा राह है युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब  वारदात के बाद कृष के दोस्त अस्पताल में शव छोड़कर परिजनों को एक्सीडेंट की झूठी खबर देकर मौके से फरार हो गए. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं इस खबर में...

Read more!

'10 मिनट में आ रहा हूं मम्मी...' फिर मिली मौत की खबर

मृतक कृष मूल रूप से बिहार का रहने वाला था. उसका परिवार पिछले 36 सालों से करनाल में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है. कृष के परिजनों ने बताया कि 2 अक्टूबर को कृष का 20वां जन्मदिन था. उसने घर से पैसे लिए और दोस्तों के साथ पार्टी करने निकल गया. रात करीब 12 बजे जब मां ने फोन कर घर लौटने को कहा तो कृष ने कहा था कि 'मम्मी 10 मिनट में घर आ रहा हूं.' लेकिन वह वापस नहीं लौटा और रात करीब 2 बजे परिजनों को सूचना मिली कि कृष अस्पताल में भर्ती है.

पुराने झगड़े में बीच-बचाव पड़ा भारी, जांघ में मारा चाकू

जानकारी के मुताबिक, कृष अपने दोस्तों के साथ बहादुर चंद कॉलोनी में पार्टी कर रहा था. इसी दौरान उसके दो दोस्तों की करनाल की ही शिव कॉलोनी में कुछ अन्य युवकों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर झड़प हो गई. दोस्तों ने कृष को फोन करके मौके पर बुला लिया. जब कृष वहां पहुंचा तो झगड़ा और बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप नाम के युवक ने कृष की जांघ पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई.

अस्पताल में शव छोड़ भागे दोस्त, बोला झूठ

वारदात के बाद कृष के दोस्त उसे इलाज के लिए करनाल के ट्रॉमा सेंटर (सिविल अस्पताल) ले गए. डॉक्टरों ने जैसे ही उसे मृत घोषित किया, दोस्तों के पैर तले जमीन खिसक गई. वे तुरंत परिजनों को फोन कर यह झूठ बोल गए कि कृष का एक्सीडेंट हो गया है और अस्पताल में शव छोड़कर मौके से फरार हो गए. जब बदहवास माता-पिता अस्पताल पहुंचे, तो वहां बेटे की बेजान देह पड़ी मिली.

मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल, सरकार से मांगी मदद

बेटे की मौत के बाद बिहार से आए गरीब माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की मां ने बिलखते हुए कहा, "हम कमाने-खाने आए थे, हमारे बच्चे को धोखे से बुलाकर मार दिया गया. हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए." वहीं पिता भोला ने कहा कि उनका बेटा 2006 में यहीं पैदा हुआ था और 2026 में चला गया. पीड़ित परिवार ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आर्थिक मदद और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की गुहार लगाई है.

पुलिस ने 8-10 संदिग्धों को उठाया, मर्डर का केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए करनाल पुलिस हरकत में आई. पुलिस जांच अधिकारी दीपचंद ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच शराब के नशे में और पुरानी रंजिश के चलते मारपीट हुई थी, जिसमें चाकू लगने से कृष की मौत हुई. पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और 8 से 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मुख्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: 2 लाख रुपये खर्च कर इटली से गुरुग्राम पहुंची महिला, 97 हजार की ठगी करने वाले आशिक को कराया गिरफ्तार