Narender Khatri Murder News: हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. प्याऊ मणियारी में 'मित्रदा ढाबा' चलाने वाले 33 वर्षीय नरेंद्र खत्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एंबुलेंस में रखकर दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे (NH-44 GT Road) पर आधे घंटे से अधिक समय तक जाम लगा दिया.
ADVERTISEMENT
स्कूटी धीरे चलाने की टोकने पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात नरेंद्र खत्री के परिवार के RO प्लांट के पास करीब दो दर्जन लोग इकट्ठा थे. इसी दौरान आरोपी अमन यादव तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां पहुंचा. नरेंद्र के छोटे भाई निखिल ने उसे स्कूटी धीरे चलाने के लिए कहा, जिस पर अमन और उसके साथियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
झगड़े की सूचना मिलते ही 33 वर्षीय नरेंद्र खत्री खुद मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश करने लगे. हालांकि, आरोप है कि इसी दौरान सिरफिरे अमन यादव ने पिस्तौल निकालकर नरेंद्र के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही नरेंद्र लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े. उन्हें तुरंत नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जीटी रोड पर एंबुलेंस रखकर लगाया जाम
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने नेशनल हाईवे 44 (जीटी रोड) को पूरी तरह से जाम कर दिया. वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. परिजनों की मांग थी कि जब तक आरोपी अमन यादव का एनकाउंटर नहीं किया जाता और उसके घर पर बुलडोजर नहीं चलाया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.
ग्रामीणों ने करनाल के वाल्मीकि हत्याकांड की तर्ज पर 12 घंटे के भीतर एनकाउंटर की मांग की. परिजनों का कहना है कि आरोपी अमन यादव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले भी मारपीट व गोलीबारी के मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने बनाईं 10 टीमें, आश्वासन के बाद खुला हाईवे
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंडली थाना एसएचओ और सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे. मौके पर पहुंचीं डीसीपी मेधा भूषण ने बताया कि परिजनों की मांगों को सुना गया है और उन्हें समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया है.
डीसीपी मेधा भूषण ने कहा, "वारदात की सूचना मिलते ही कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई गई है. मुख्य आरोपी अमन यादव नामजद है. आरोपी की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच और सोनीपत पुलिस की कुल 10 टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं." पुलिस के कड़े आश्वासन के बाद परिजनों ने शव को ले जाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की.
ADVERTISEMENT


