Nuh Murder Case: हरियाणा के नूह जिले के लहरवाड़ी गांव से एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां 8 साल पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए 28 वर्षीय अजरुद्दीन नाम के युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने सोशल मीडिया पर बेखौफ होकर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने भाई की हत्या का बदला पूरा कर लिया है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.
ADVERTISEMENT
2018 के मर्डर का बदला लेने के लिए रची साजिश
यह पूरा मामला साल 2018 की एक पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है. 3 अगस्त 2018 को वसीम नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें अजरुद्दीन मुख्य आरोपी था. इस मामले में अजरुद्दीन जेल की सजा काट चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था. वसीम का भाई मोहम्मद कैश अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए पिछले 8 सालों से मौके की तलाश में था.
सोमवार को मोहम्मद कैश ने कथित तौर पर अजरुद्दीन को फोन करके बुलाया. जब अजरुद्दीन सड़क पर खड़ा था, तभी 10 से 15 हमलावर हथियारों से लैस होकर गाड़ियों और बाइकों पर पहुंचे. हमलावरों ने अजरुद्दीन के माथे के बीचों-बीच गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दौरान वहां खेल रहे मासूम बच्चों पर भी हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिन्होंने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई.
सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- 'बदला पूरा हुआ'
हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद परवेज आलम नाम के शख्स ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की. इस पोस्ट में उसने लिखा कि उसने अपने भाई की हत्या का बदला पूरा कर लिया है. बताया जा रहा है कि 2018 में जब वसीम का मर्डर हुआ था, तब आरोपी मोहम्मद कैश बालिग नहीं था, लेकिन उसके मन में बदले की भावना बनी हुई थी.
हालांकि मृतक अजरुद्दीन के परिजनों और गांव के सरपंच का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर पंचायत स्तर पर पहले ही फैसला हो चुका था. इसके बावजूद हमलावरों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया.
गांव में पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए. नूह पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है.
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की भी तकनीकी जांच की जा रही है. गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT


