हरियाणा के नूंह जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया. मृतका की पहचान 26 वर्षीय हसीना के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से लापता थी. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हसीना का शव बजेड़ा गांव के पास एक सुनसान कुएं से बरामद किया है.
ADVERTISEMENT
कैसे शुरू हुई नफरत की ये कहानी
हसीना नूंह जिले के सिंगार गांव की रहने वाली थी. उसकी पहली शादी साल 2011 में उम्र मोहम्मद नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे थे. साल 2020 में हसीना अपने पति के पड़ोस में रहने वाले रफीक के संपर्क में आई. रफीक बॉडी बिल्डिंग का शौकीन था और एक आलीशान जीवन जीता था. उसकी इसी जीवनशैली से प्रभावित होकर हसीना अपना घर-बार छोड़कर रफीक के साथ रहने लगी. हालांकि परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया और उनसे नाता तोड़ लिया, लेकिन हसीना रफीक के साथ लिव-इन में रहने लगी और उनके भी तीन बच्चे हुए.
अपराध की दुनिया में हुस्न का इस्तेमाल
हसीना के भाई शकील ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रफीक एक पेशेवर अपराधी है, जो लूटपाट और एटीएम काटने जैसी वारदातों को अंजाम देता है. रफीक अपनी पार्टनर हसीना की खूबसूरती का इस्तेमाल चारे के तौर पर करता था. वह हसीना को सुनसान रास्तों पर खड़ा कर देता था ताकि ड्राइवर गाड़ी रोकें. जैसे ही कोई ड्राइवर रुकता, रफीक अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देता था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रफीक पर पहले से ही लूट-डकैती और मारपीट के तीन मुकदमे दर्ज हैं.
मौत की खौफनाक वजह
वारदात की शुरुआत तब हुई जब रफीक ने हसीना के साथ मारपीट की. परेशान होकर हसीना ने पड़ोस के एक युवक के मोबाइल से पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर दी. बदकिस्मती से जिस युवक के फोन से हसीना ने कॉल की थी, उससे रफीक की पुरानी रंजिश थी. जब रफीक को पता चला कि हसीना ने उसके दुश्मन के फोन से पुलिस बुलाई है, तो वह आगबबूला हो गया. आरोप है कि इसी गुस्से में रफीक ने पहले हसीना को गाड़ी से टक्कर मारी और फिर उसकी हत्या कर दी.
कुएं में पत्थर से बंधी मिली लाश
हसीना 19 अप्रैल से लापता थी, जिसकी शिकायत उसके भाई ने 24 अप्रैल को दर्ज कराई थी. तलाश के दौरान बजेड़ा के जंगलों में स्थित एक कुएं से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस ने वहां छानबीन की. जब कुएं से शव निकाला गया तो पुलिस और परिवार के होश उड़ गए. हसीना के शव को भारी पत्थरों के साथ बांधा गया था ताकि वह ऊपर न आ सके. कुएं की तलाशी के दौरान दो मोटरसाइकिल के फ्रेम भी बरामद हुए हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि रफीक चोरी का सामान भी वहीं ठिकाने लगाता था.
फरार आरोपी और पुलिस की कार्रवाई
हसीना के परिजनों का कहना है कि आरोपी रफीक ने उन्हें फोन पर धमकी दी थी कि 'मैं बहुत बड़ा बदमाश हूं, हिम्मत है तो लाश ढूंढकर दिखाओ.' पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी रफीक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का और अधिक स्पष्ट खुलासा हो पाएगा. फिलहाल, आरोपी रफीक पुलिस की पकड़ से बाहर है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


