Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद से राष्ट्रीय सुरक्षा में सेंध लगाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. गाजियाबाद पुलिस ने फरीदाबाद के नचौली गांव स्थित एक पेट्रोल पंप से नौशाद अली नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि 20 वर्षीय नौशाद अली पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था और महत्वपूर्ण संस्थानों की खुफिया जानकारी सीमा पार भेज रहा था.
ADVERTISEMENT
पंचर की दुकान की आड़ में जासूसी का खेल
नौशाद पिछले तीन महीनों से नचौली गांव के एक पेट्रोल पंप पर पंचर लगाने का काम कर रहा था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़ा हुआ था. उसका काम सरकारी इमारतों, पुलिस स्टेशनों, पैरामिलिट्री फोर्स के संस्थानों और रेलवे स्टेशनों जैसी महत्वपूर्ण जगहों की फोटो और लाइव लोकेशन शेयर करना था.
हर फोटो के मिलते थे 4 से 6 हजार रुपये
जांच में खुलासा हुआ है कि नौशाद को हर फोटो या लोकेशन शेयर करने के बदले 4,000 से 6,000 रुपये मिलते थे. इतना ही नहीं, नौशाद अब भारत में अपना नेटवर्क भी फैलाने लगा था. उसने मथुरा की एक युवती, मेरठ के एक युवक (सोहेल) और एक नाबालिग को भी इस व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा था.
दिल्ली-सोनीपत में लगाए 'लाइव फीड' वाले सोलर कैमरे
पुलिस की जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. नौशाद और उसके नेटवर्क ने दिल्ली और सोनीपत में कुछ जगहों पर सोलर कैमरे इंस्टॉल किए थे. इन कैमरों की लाइव फीड सीधे पाकिस्तान भेजी जा रही थी. गाजियाबाद पुलिस ने इस पूरे मामले में अब तक 22 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है.
बिहार से कोलकाता और फिर फरीदाबाद
नौशाद मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है. फरीदाबाद आने से पहले वह कोलकाता में काम करता था. नचौली के पेट्रोल पंप मैनेजर को पंचर बनाने वाले लड़के की जरूरत थी, जिसके बाद एक जानकार के जरिए नौशाद को यहां काम पर रखा गया. नौशाद की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोग और पेट्रोल पंप कर्मचारी हैरान हैं कि उनके बीच रहकर कोई इतनी खामोशी से जासूसी कर रहा था. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां नौशाद से पूछताछ कर रही हैं ताकि इस जासूसी नेटवर्क की और परतों को खोला जा सके.
ये भी पढ़ें: भिवानी में हनीट्रैप का खौफनाक खेल, 62 साल के बुजुर्ग को फंसाने की साजिश, मां-बेटा निकले मास्टरमाइंड
ADVERTISEMENT


