'मम्मी, पता नहीं उन्होंने मुझे क्या खिला दिया...' 21 साल के किक बॉक्सर गौरव की मौत से पहले क्या हुआ? घर पहुंचकर मां को बताई पूरी कहानी

सचिन गौड़

• 04:10 PM • 30 Sep 2026

Gaurav Tanwar Kick Boxer death Case: हरियाणा के पलवल (प्रथला) में 21 वर्षीय किक बॉक्सर गौरव तंवर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. परिजनों ने उसके दोस्तों दीपक और राहुल पर जहर देने का आरोप लगाया है. मृतक गौरव के पिता राजेश ने बताया कि बेटे ने अस्पताल ले जाते वक्त दोस्तों द्वारा जहर पिलाने की बात कही थी.

गौरव ने मौत से पहले बताई दोस्तों की ये बात
गौरव ने मौत से पहले बताई दोस्तों की ये बात
Google CTA

Gaurav Tanwar Kick Boxer death: हरियाणा के पलवल जिले के प्रथला इलाके से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां किक बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर पर 18 से 20 मेडल जीतने वाले 21 वर्षीय होनहार खिलाड़ी गौरव तंवर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. गौरव के परिवार ने उसके ही दोस्तों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

Read more!

शुक्रवार को घर से बुलाकर ले गए थे दोस्त

गौरव तंवर के पिता राजेश ने 'हरियाणा तक' से बातचीत करते हुए पूरी आपबीती बताई. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गौरव घर पर ही मौजूद था. दोपहर में उसके दोस्त दीपक ने फोन करके उसे मिलने के लिए बुलाया. गौरव अपनी मां से यह कहकर घर से निकला था कि वह एक घंटे में वापस आ जाएगा. दोपहर 1 बजे तक उसकी मां से फोन पर बात भी हुई थी. लेकिन शाम करीब 5:30 बजे जब गौरव घर लौटा, तो उसकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब थी और उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं.

'मम्मी उन्होंने मुझे जहर खिला दिया' - आखिरी बयान

घर पहुंचते ही गौरव ने अपनी मां को बताया कि वह राहुल और दीपक के साथ था. गौरव ने तड़पते हुए अपनी मां से कहा, "मम्मी, पता नहीं उन्होंने मुझे क्या खिला दिया, वे कह रहे थे कि हमने तुझे जहर खिला दिया है." इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे पलवल के अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया.

पिता राजेश ने भावुक होते हुए बताया कि एम्बुलेंस में जब वे गौरव को अस्पताल ले जा रहे थे, तब गौरव ने धीरे से कहा, "पापा, दीपक ने मुझे कुछ पिला दिया है." इसके कुछ ही देर बाद गौरव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

18-20 मेडल जीतने वाला होनहार खिलाड़ी था गौरव

मृतक गौरव तंवर महज 21 साल का था और पढ़ाई के साथ-साथ वूशू और किक बॉक्सिंग का शानदार खिलाड़ी था. उसने किक बॉक्सिंग में करीब 18 से 20 मेडल, 2 ट्रॉफी और 12 से 14 सर्टिफिकेट हासिल किए थे. परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी. जिस दोस्त दीपक के लिए गौरव सिफारिशें कर रहा था, उसी पर जहर देने का आरोप लगा है.

'पुलिस कर रही फॉर्मेलिटी, चार दिन बाद भी आरोपी फरार'

गौरव के पिता ने पुलिस की ढीली कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया है. उनका आरोप है कि मामला दर्ज हुए 4 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ कागजी फॉर्मेलिटी पूरी कर रही है और परिजनों को गुमराह कर रही है. अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. परिवार ने पुलिस प्रशासन और सरकार से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए.

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम: लिव-इन पार्टनर संग PG में रहती थी तनीषा, फिर कमरे में मिला शव, घरवालों ने लगाया हत्या का आरोप