पंचकूला: छोटी सी बात का 10 साल पुरानी नौकरानी सुनीता ने लिया खौफनाक बदला ? CCTV ने कर दिया खुलासा

आशीष कुमार झा

06 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 6 2026 8:53 PM)

पंचकूला के सेक्टर-21 में 10 साल से काम कर रही नौकरानी ने रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी नीरा मेहता की हत्या कर दी. गहने चोरी के शक में पूछताछ करने गई महिला का गला दबाकर शव पड़ोसी की छत पर छुपा दिया गया.

NewsTak
पंचकूला में 70 साल की बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने कर दिया खुलासा.
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

point

'चोर' कहने से खफा थी नौकरानी.

point

नौकरानी से पूछताछ के लिए उसके घर पहुंच गईं थीं मृतका नीरा मेहता.

हरियाणा के पंचकुला में एक छत पर 70 साल की महिला का शव मिलाने के बाद हड़कंप मच गया. पता चला कि ये शव पंचकूला के सेक्टर-21 में रहने वाली नीरा मेहता का है. 70 वर्षीय मृतका के पति रिटायर्ड कैप्टन हैं. बच्चो विदेश में हैं. पति-पत्नी के अलावा घर में बस एक ही महिला की बेधड़क एंट्री थी. ये कोई और नहीं बल्कि घर की नौकरानी थी जो पिछले 10 सालों से यहां काम कर रही थी. नीरा मेहता का जिस छत पर शव मिला उसके पड़ोस वाला मकान नौकरानी सुनीता का है. बस यहीं इस हत्याकांड के तार मिलने शुरू हुए और जांच के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई. 

Read more!

सेना में कैप्टन रहे चंद्रमोहन मेहता रिटायरमेंट के बाद पंचकूला के सेक्टर 21 में  मकान नंबर 366 में पत्नी नीरा के साथ रहने लगे थे. इनके दो बेटे हैं जो अमेरिका में रहते हैं. दोनों की देखभाल के लिए इनकी नौकरानी सुनीता थी जो पिछले 10 सालों से घर का सारा कामकाज देखती थी. सुनीता घर के सदस्य की तरह हो गई थी. सुनीता भी सेक्टर 21 के मकान नंबर 483 में पति और बेटे के साथ रहती थी. जब घर से नीरा मेहता के गहने गायब हुए तो उनका भरोसा सुनीता को लेकर थोड़ा हिला. फिर यहीं गुस्से और नफरत की कहानी ने एंट्री ली. 

नौकरानी से पूछने उसके घर चली गईं नीरा 

जब गहने नहीं मिल रहे थे तब नीरा का शक सुनीता पर गहरा होता जा रहा था. जब उनसे नहीं रहा गया तो पूछताछ करने सुनीता के घर पहुंच गई. तब नीरा के पति चंद्रमोहन घर पर नहीं थे. वे गोल्फ खेलने गए थे. वहां पहुंचते ही उन्होंने सुनीता से पूछताछ शुरू कर दी. 

'चोर' कहना खटक गया 

पूछताछ में सामने आया कि सुनीता को नीरा ने गुस्से में चोर कह दिया. बस यही बात उसे खटक गई. घर में सुनीता के पति और बेटा दोनों थे. इधर नीरा की बात पर सुनीता भड़क गई. आरोप है कि सुनीता ने पति और बेटे के साथ मिलकर नीरा की जान ले ली. डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि पकड़े जाने के बाद सुनीता ने बताया कि जब बुजुर्ग नीरा ने उन्हें चोर कहा तो भड़क गई. उस वक्त कहासुनी में धक्कामुक्की हुई. इसी दौरान नीरा की मौत हो गई. हालांकि पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. इसके बाद घटना में और बातें साफ हो जाएंगी. 

CCTV में खुल गया राज 

नीरा मेहता की मौत के बाद सुनीता अपने पति और बेटे की मदद से शव को ठिकाने लगाने लगी. सुनीता और उसका बेटा शव ले जाते सीसीटीवी में कैद हो गए. वे शव को पड़ोसी के घर लेकर गए और उसकी छत पर ले जाकर चादर से ढक दिया. पूरे घटनाक्रम को पड़ोसी के माथे मोड़ने की साजिश रचते हुए आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ हो पाएगा कि नीरा मेहता की मौत धक्का-मुक्की में हुई या आरोपियों ने साजिश के तहत उनको मौत के घाट उतार दिया. 

गहने कहां गए ? 

इधर पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या गहने सुनीता ने ही चुराए थे या किसी अन्य ने. यदि सुनीता के पास गहनों कर रिकवरी होती है तो कहानी में और भी मोड़ आ सकते हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. साथ ही पुलिस आम लोगों से ये अपील भी कर रही है कि घरों में काम करने वाली मेड या नौकर का सत्यापन जरूर करवाएं.

हरियाणा के चरखी दादरी में गैंगवार, सिटी थाने के पास ब्लैक स्कर्पियो पर बरसाई गोलियां, रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी