Panipat News: हरियाणा के पानीपत जिसे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 20 वर्षीय महिला पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद जब ससुराल पक्ष के लोग श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर रहे थे, तभी चांदनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने जलती चिता की तैयारी के बीच अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया. मामले अब परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं पत्नी की मौत को लेकर पति ने अगल ही कहानी बताई है.
ADVERTISEMENT
दो साल पहले परिवार के खिलाफ जाकर की थी लव मैरिज
जानकारी के अनुसार, मृतका पूनम ने करीब दो साल पहले अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर विश्वास उर्फ विशु नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद से ही पूनम और उसके ससुराल वालों के बीच अनबन रहने लगी थी. दो दिन पहले अचानक पूनम की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रोहतक PGI में भर्ती कराया गया था. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मायके वालों ने लगाया जहर देकर हत्या करने का आरोप
पूनम की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए. मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पूनम को जहर देकर मारा है. मायके वालों ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना पुलिस बिना कोई देरी किए श्मशान घाट पहुंची और चिता पर रखे जाने से पहले ही शव को अपने कब्जे में ले लिया.
पति का दावा- गलती से पी लिया था तेजाब
दूसरी तरफ, मृतका के पति विश्वास का कहना है कि पूनम ने दो दिन पहले घर में रखा कोई संदिग्ध पदार्थ या तेजाब पी लिया था. हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया था. पति और ससुराल पक्ष के लोग हत्या के आरोपों को खारिज कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
चांदनीबाग थाना पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


