राहुल गांधी ने याद की सिद्धू मूसेवाला से पहली मुलाकात: मंच पर पिता बलकौर सिंह को बुलाकर सुनाया वो भावुक किस्सा

राहुल यादव

• 04:10 PM • 06 Nov 2026

Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए उनके पिता बलकौर सिंह को मंच पर बुलाया और गायक की हत्या तथा पंजाब में बढ़ते गैंगस्टर कल्चर पर गंभीर सवाल उठाए.

NewsTak
Google CTA

पंजाब में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने भाषण का तय प्लान बदल दिया. भाषण शुरू करने से कुछ क्षण पहले ही दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह मंच पर पहुंचे और उन्होंने राहुल गांधी का अभिवादन किया. इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने मंच से ही मूसेवाला के पिता को अपने पास बुलाया और सिद्धू मूसेवाला के साथ हुई अपनी पहली मुलाकात का भावुक किस्सा सुनाया.

Read more!

पहली मुलाकात में ही लगा था डायनेमिक लड़का है

राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ साल पहले सिद्धू मूसेवाला उनके ऑफिस में उनसे मिलने आए थे. उस समय वह सिद्धू मूसेवाला के गानों या उनकी आवाज से परिचित नहीं थे. राहुल गांधी ने बताया, "एक बहुत ही टैलेंटेड और डायनेमिक लड़का कमरे में आया था. मुझे बताया गया कि यह एक बेहतरीन म्यूजिशियन है और कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहता है."

उन्होंने आगे कहा कि सिद्धू के भीतर पंजाब की असली आवाज थी. उनके गानों में पंजाब की माटी की खुशबू और वहां के लोगों का दर्द झलकता था.

सुरक्षा हटाने और हत्या पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि कैसे पहले उनकी सुरक्षा हटाई गई और फिर दिन-दहाड़े पंजाब में एक काली एसयूवी में उनकी हत्या कर दी गई.

राहुल गांधी ने सिद्धू के पिता बलकौर सिंह के साथ हुई अपनी पुरानी बात को याद करते हुए कहा, "जब मैं आपके घर आया था, तब आपने एक बात कही थी कि माता-पिता की मौत पर दुख होता है, लेकिन जिस पिता को अपने जवान बेटे का शव देखना पड़े, उससे बड़ा दर्द इस दुनिया में कोई नहीं है."

पंजाब में पैर पसार रहा है गैंगस्टरिज्म

भाषण के दौरान राहुल गांधी ने पंजाब के मौजूदा हालात, बढ़ते नशे और गैंगस्टर कल्चर पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस सोच ने मूसेवाला की जान ली, आज वही सोच पंजाब के हर कोने में घूम रही है. जो युवा अपने हुनर और टैलेंट के बल पर आगे बढ़ना चाहते हैं, उन्हें धमकाया जा रहा है. राज्य में अगर नौकरियां, इंडस्ट्री और कृषि का विकास नहीं होगा, तो वहां नशा और अपराध पैर पसारेगा.

ये भी पढ़ें: Manisha Bhiwani Death Case: मृतका मनीषा के पिता को बड़ी राहत, कोर्ट ने CBI की क्लोजर रिपोर्ट खारिज कर दोबारा जांच के दिए आदेश