सोनीपत के मदीना गांव में किसान की बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी, वहां मौजूद महिलाओं ने अब बताई ये बात!

Rahul Gandhi Sonipat visit: राहुल गांधी का हरियाणा के मदीन गांव में सरप्राइज विजिट चर्चा का विषय बन गया. राहुल गांधी एक किसान परिवार की बेटी की शादी में अचानक पहुंच गए, जहां ग्रामीणों और महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया. उन्होंने हरियाणवी चूरमा खाया, दूध पिया और गांव की महिलाओं के साथ बैठकर लोकगीत भी सुने.

Rahul Gandhi wedding visit Haryana
Rahul Gandhi wedding visit Haryana

पवन राठी

follow google news

राजनीति की भागदौड़ के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक अलग ही अंदाज सोनीपत के मदीना गांव में देखने को मिला. राहुल गांधी यहां एक छोटे से किसान के घर उनकी बेटी की शादी के समारोह में अचानक जा पहुंचे. जैसे ही ग्रामीणों को पता चला कि राहुल गांधी उनके बीच हैं, पूरे गांव में हलचल मच गई. विशेष रूप से परिवार की महिलाओं के लिए यह पल किसी सपने जैसा था, जिन्होंने राहुल गांधी की खातिरदारी से लेकर उनसे हुई बातचीत के हर पल को मीडिया के साथ साझा किया.

Read more!

"हमारे हरियाणा के भाग जाग गए"

शादी वाले घर में मौजूद बुजुर्ग महिलाओं और परिवार के सदस्यों ने राहुल गांधी का स्वागत पूरे पारंपरिक तरीके से किया. राहुल गांधी से मुलाकात के बाद एक बुजुर्ग महिला ने भावुक होकर बताया, 'बेटे! राहुल गांधी ने चूरमा खाया और दूध पिया. उन्होंने हमारे सिर पर हाथ रखा और आशीर्वाद दिया. एक गरीब के घर में उनका आना बहुत बड़ी बात है. आज तो हमारे हरियाणा के भाग जाग गए हैं.'

राहुल ने चखा हरियाणा का स्वाद, पहनाई गई सम्मान की पगड़ी

महिलाओं ने बताया कि राहुल गांधी को हरियाणा का प्रसिद्ध 'चूरमा' खिलाया गया और दूध पिलाया गया. घर की महिलाओं ने खुद उन्हें अपने हाथों से चूरमा परोसा. इतना ही नहीं, परिवार ने राहुल गांधी को हरियाणा की शान की प्रतीक 'पगड़ी' भी पहनाई. महिलाओं ने बताया कि राहुल ने बड़े चाव से खाना खाया और काफी देर तक बैठकर परिवार से बातें की.

जब राहुल ने सुने देशभक्ति के गीत

राहुल गांधी जब घर के भीतर बैठे थे, तब महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गा रही थीं. महिलाओं ने बताया कि राहुल गांधी ने उनके पास बैठकर गीत सुने. उन्होंने कहा, 'हमने महात्मा गांधी और देशभक्ति के गीत गाए, जो राहुल जी को बहुत पसंद आए. उन्होंने हमारे गीतों की बहुत प्रशंसा की.' महिलाओं के मुताबिक, राहुल गांधी एक बड़े नेता के बजाय परिवार के सदस्य की तरह उनसे बातें कर रहे थे.

महिलाओं से पूछा- "क्या पहनती हैं, क्या होती हैं रस्में?"

मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने हरियाणवी संस्कृति को समझने में काफी दिलचस्पी दिखाई. वहां मौजूद महिलाओं ने बताया कि राहुल ने उनसे पूछा कि शादियों में कौन-कौन सी रस्में होती हैं? महिलाएं किस तरह की ड्रेस पहनती हैं और उन कपड़ों का क्या महत्व होता है? परिवार की एक महिला ने कहा, 'हमने उन्हें बताया कि हमारी पगड़ी का क्या मान-सम्मान है. उन्होंने हमारी हर बात को बड़े ध्यान से सुना और घर की समस्याओं के बारे में भी पूछा.'

किसान परिवार को नहीं थी आने की उम्मीद

परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को शादी का न्योता (इनविटेशन) भेजा जरूर था, लेकिन उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वे सच में आएंगे. महिलाओं ने कहा, 'इतने बड़े नेता के पास इतना वक्त कहां होता है कि वो हम जैसे छोटे किसान के घर आए, लेकिन उन्होंने हमारे लिए वक्त निकाला, यही हमारे लिए सबसे गर्व की बात है.'

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: सोनीपत में किसान संजय मलिक की बेटी की शादी में अचानक पहुंचे राहुल गांधी, निभाया दिल्ली में किया हुआ ये वादा

    follow google news